देश

अमरीका : कैलिफ़ोर्निया स्थित सैक्रामेंटो काउंटी के गुरुद्वारे में गोलीबारी, दो लोग गंभीर रूप से घायल!

अमरीका के कैलिफ़ोर्निया राज्य स्थित सैक्रामेंटो काउंटी के एक गुरुद्वारे में गोलीबारी की एक घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

रविवार दोपहर कैलिफ़ोर्निया की राजधानी सेकरामेंटो में गुरुद्वारे में दो सिखों को गोली मारे जाने की घटना सामने आई है।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामला नफ़रती हिंसा का नहीं है और गोलीबारी जान-पहचान के लोगों के बीच हुई है।

ग़ौतलब है कि अमरीका में हालिया वर्षों में गोलीबारी की कई भयानक घटनाएं घटी हैं। इस देश में बंदूक़ से हिंसा आम हो गई है।

पिछले हफ्ते कोलोराडो की राजधानी डेनवर में ईस्ट हाई स्कूल में हुई गोलीबारी के बाद कम से कम दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सेकरामेंटो स्थित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस घटना के बारे में एक बयान जारी करके बताया है कि इस लड़ाई से गुरुद्वारे का कोई संबंध नहीं है। गुरुद्वारे में जो कीर्तन दरबार चल रहा था वह शांतिपूर्ण था।

यह हमला तब हुआ जब ब्राडशॉ सिख सोसाइटी की ओर से पहली बार सिख परेड निकाली जा रही थी।

बयान के मुताबिक़, परेड शांतिपूर्ण तरीक़े से निकाली जा रही थी। दुर्भाग्यवश कुछ लोगों ने एक धार्मिक आयोजन में ख़लल डालने की कोशिश की। हम उम्मीद करते हैं कि दोषियों को सज़ा मिलेगी। हमला करने वाले परेड का हिस्सा नहीं थे।