दुनिया

अमरीका, यूक्रेन को युद्ध के लिए भड़का रहा है, यूक्रेन संकट के समाधान में अमरीका नकारात्मक भूमिका निभा रहा है : रूस

रूस का मानना है कि यूक्रेन संकट के समाधान में अमरीका नकारात्मक भूमिका निभा रहा है।

रूस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि अमरीका एक ओर यूक्रेन को युद्ध के लिए भड़का रहा है जबकि दूसरे ओर इसी युद्ध के कूटनैतिक समाधान के प्रयास भी कर रहा है। यूक्रेन युद्ध अब आठवें महीने में प्रविष्ट हो गया।

पश्चिमी देश, अमरीका के नेतृत्व में रूस के विरुद्ध प्रतिबंध लगाते हुए यूक्रेन को हथियार भेज रहे हैं। रूस का कहना है कि इसी बात से यूक्रेन युद्ध लंबा खिंच रहा है। रूस ने कहा है कि यूक्रेन के साथ वार्ता का हम विरोध नहीं करते हैं किंतु कीएफ की ओर से इसमें विलंब मामले को अधिक जटिल बना रहा है।

रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ाख़ारोवा ने मंगलवार को अपने एक संदेश में स्पष्ट रूप में कहा था कि माॅस्को, यूक्रेन संकट के कूटनीतिक समाधान का विरोधी नहीं है।

ज़ाख़ारोवा के संदेश में यह बात भी कही गई है कि अमरीका, यूक्रेन को उकसाकर संकट के कूटनीतिक समाधान को जटिल बनाता जा रहा है। उन्होंने अमरीका को संबोधित करते हुए कहा कि रूस ने यूक्रेन के लिए जो ज़िम्मेदारी स्पष्ट कर दी है उसे वह पूरा करके रेहगा।

इससे पहले यूक्रेन की राजधानी कीव सहित वहां के अनेक शहरों पर रूस के हमलों के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतीन ने यह पैग़ाम दिया है कि अगर यूक्रेन ने रूस के इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर अबतक चले आ रहे युद्ध के आयाम को बदलने की कोशिश की तो फिर माॅस्को की तरफ़ से कठोर कार्यवाही की जाएगी।