दुनिया

अरब-ईरानी संवाद का बेहद महत्वपूर्ण चरण क़तर की राजधानी दोहा में शुरू

सुरक्षा, शांति और संकट, नज़दीकी और समाधान के शीर्षक के तहत अरब-ईरानी संवाद क़तर की राजधानी दोहा में शुरू हो गया है।

इस समय जब दुनिया मल्टी पोलर विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है, अरब राष्ट्रों और ईरान के बीच क्षेत्रीय एलायंस तैयार करने के विषय पर महत्वपूर्ण चर्चा चल रही है।

इस संदर्भ में दूसरे चरण की वार्ता शनिवार को शुरु हुई जिसमें मज़बूत क्षेत्रीय एलायंस बनाने के लिए सार्थक वार्ता शुरू करने की अहमियत का जायज़ा लिया जा रहा है। यह एलायंस बनाने का मक़सद क्षेत्र की शांति व स्थिरता की रक्षा करना और विश्व व्यवस्था में प्रभावी भूमिका हासिल करना है।

यह संवाद ईरान और क़तर की दो संस्थाएं मिलकर आयोजित करवा रही हैं। इसका उद्घाटन अलजज़ीरा स्टडीज़ सेंटर के डायरेक्टर डाक्टर मुहम्मद मुख़तार ख़लील ने किया। उन्होंने क्षेत्रीय देशों को एक दूसरे के क़रीब लाने और क्षेत्रीय संकटों का समाधान खोजने पर बल दिया।

इस महत्वपूर्ण चर्चा में अरब जगत और ईरान के वरिष्ठ राजनेता और शोधकर्ता भाग ले रहे हैं।

संवाद में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि अरब और ईरानी एक दूसरे की बात सुनें और अपने संवाद को ख़ुद ही आगे बढ़ाएं।

क़तर के विदेश राज्य मंत्री मुहम्मद ख़लीफ़ी ने कहा कि पारस्परिक सम्मान और अच्छे पड़ोस के उसूलों के आधार पर एक सरोकार तैयार करने की ज़रूरत है जिसकी मदद से विवादों को हल किया जाए। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा इलाक़ा जिन संकटों से गुज़र रहा है उनकी वजह वह साल रहे हैं जिनमें दोनों पक्षों के बीच संवाद और समन्वय की कमी रही।

यह संवाद तीन दिन तक चलेगा।

ईरान की स्ट्रैटेजिक काउंसिल फ़ार फ़ारेन रिलेशन्ज़ के डायरेक्टर कमाल ख़र्राज़ी, इराक़ के पूर्व प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी सहित कई अधिकारी इसमें शामिल हैं।

कमाल ख़र्राज़ी ने कहा कि दुनिया नई विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। इस चरण में क्षेत्रीय एलायंस बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे।