उत्तर प्रदेश राज्य

आगरा, दरिंदगी की इंतहा : होली खेलने गई थी किशोरी जंगल में खून से लथपथ मिली, हालत देख सहम गया परिवार : राहुल अग्रवाल की रिपोर्ट!

Rahul Agarwal
=============
दरिंदगी की इंतहा: होली खेलने गई थी किशोरी, जंगल में खून से लथपथ मिली, हालत देख सहम गया परिवार
आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर को लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी शुक्रवार सुबह जंगल में घायल हालत में मिली। इसकी जानकारी पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया है।

किशोरी के भाई ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जाहिर की है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे। तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। परिजन के मुताबिक, बेटी बृहस्पतिवार दोपहर को अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकली थी। मौसी का घर गांव में ही 500 मीटर की दूरी पर है। मगर, वह वहां नहीं पहुंची। परिजन यह समझते रहे कि वह होली खेल रही होगी। शाम को 6:00 बजे तक घर नहीं आने पर चिंता हुई। बाद में पता किया तो रिश्तेदार के घर नहीं पहुंचने की जानकारी हुई। काफी तलाशने पर भी वो नहीं मिली।

शुक्रवार सुबह एक राहगीर ने घर आकर सूचना दी कि वह जंगल में पड़ी हुई है। इस पर लोग पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। पुलिस ने तत्काल किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा। किशोरी के भाई का कहना है कि बहन के गले पर चोट का निशान है। आशंका जताई कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। इसके बाद जान से मारने की कोशिश की गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान बने हुए हैं। मामले की जानकारी देते हुए थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही का कहना है कि किशोरी के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसे काफी मारा गया है। परिजन दुष्कर्म की आशंका जता रहे हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। किशोरी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इससे आरोपियों की पहचान की जा सके।