देश

उत्तराखंड में आए हिमस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई

उत्तराखंड में द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत शिखर पर आए हिमस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है.

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) ने गुरुवार को बयान जारी कर बताया कुल 29 लोग हिमस्खलन की वजह से फंसे हुए हैं, जिसमें दो इंस्ट्रक्टर और 27 ट्रेनीज़ शामिल थे.

संस्थान ने बताया कि चार अक्टूबर को कुल चार शव बरामद किए गए जिसमें दो इंस्ट्रक्टर और दो ट्रेनी थे.

वहीं 6 अक्टूबर को 12 ट्रेनीज़ के शवों को बाहर निकाला गया है.

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान का कहना है कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है, वहीं मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर की मदद फिलहाल नहीं ली जा रही है.

रेस्क्यू ऑपरेशन में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, भारतीय सेना, आईटीबीपी, हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल, वायु सेना, स्टेट डिज़ास्टर रिस्पांस फोर्स के साथ जिला प्रशासन भी लगा हुआ है.

मंगलवार को हिमस्खलन में फंसे आठ लोगों को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने एयरलिफ्ट किया था.

उत्तराखंड पुलिस के मुताबिक बचाए गए पर्वतारोहियों में गुजरात के दीप सिंह, टिहरी गढ़वाल के रोहित भट्ट, उत्तरकाशी से सूरज सिंह, मुंबई से सुनील लालवानी, राजस्थान से अनिल कुमार, दिल्ली से मनीष अग्रवाल, चमोली से कंचन सिंह और देहरादून से अंकित सिंह शामिल हैं.

ANI_HindiNews
@AHindinews
4 अक्टूबर को द्रौपदी का डांडा-2 पर पर्वतारोहियों के हिमस्खलन की चपेट में आने की घटना में अब तक कुल 16 शव (दो प्रशिक्षक और 14 प्रशिक्षु) बरामद हुए हैं: नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तराखंड

ANI_HindiNews
@AHindinews
जीवित बचे लोगों को तत्काल ही इलाज के लिए भेज दिया गया था। अभी तक कुल 16 शव बरामद हुए हैं। इनमें दो प्रशिक्षक और 14 प्रशिक्षु हैं। उनके शव अभी ऊपर ही हैं जल्द से जल्द उन्हें नीचे लाने का प्रयास किया जा रहा है: द्रौपदी के डांडा-2 में हिमस्खलन की घटना पर अभिषेक रुहेला, DM, उत्तरकाशी

ANI_HindiNews
@AHindinews
बचाव और राहत दल लगातार काम कर रहे हैं। NDRF, SDRF और ज़िला प्रशासन की टीम लगातार काम कर रही है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक 16 शवों को रिकवर किया जा चुका है। रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है: उत्तरकाशी आपदा पर उत्तराखंड के मुख्यंमत्री पुष्कर सिंह धामी, देहरादून