उत्तर प्रदेश राज्य

गोरखपुर : देर रात रिटायर दरोगा के बेटे व प्रापर्टी डीलर रोहित सिंह की गोली मारकर हत्या

गोरखपुर।कोतवाली थाना क्षेत्र के चरनलाल चौराहे के पास सोमवार देर रात रिटायर दरोगा के बेटे व प्रापर्टी डीलर रोहित सिंह (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि लखनऊ के एक जमीन को लेकर हुए विवाद में प्रापर्टी डीलर के दोस्त कजन मिश्रा ने गोली मारी है। हालांकि, घटनास्थल पर तीन और लोग मौजूद थे। पुलिस ने तहरीर के आधार कजन मिश्रा समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर के इलाहीबाग निवासी रिटायर दरोगा रमाकांत सिंह के पुत्र रोहित सिंह किराए के मकान में रहते थे। दोस्त कजन मिश्र के साथ वह प्रापर्टी का काम करते थे। लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे के पास एक जमीन को लेकर दोस्तों में रुपये के लेनदेन का विवाद हो गया था। सोमवार रात रोहित, कजन व अन्य तीन लोग अलीनगर के पास स्थित चरन लाल चौक की छोटी दुकान के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोस्तों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि कजन मिश्र ने इसी दौरान असलहे से रोहित सिंह को गोली मार दी। इससे रोहित अचेत होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच सभी आरोपी भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रापर्टी डीलर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भी रोहित की गंभीर स्थिति बनी रही। लिहाजा, डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर, हत्या के बाद से सक्रिय हुई पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आरोपी कजन की माफियाओं के साथ तस्वीर मिली
आरोपी कजन मिश्रा की जिले के बड़े माफियाओं के साथ फोटो भी सामने आई है। पुलिस ने इस फोटो को अपने विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया और हत्याकांड के मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी। मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद साफ होगा कि विवाद सिर्फ उसका विवाद था या फिर अन्य लोगों का भी शेयर था। फिलहाल, पुलिस दबिश दे रही है। एक टीम गैर जनपद चली गई है।

जमीन के विवाद में गोली मारने की घटना सामने आई है। एक दोस्त पर गोली मारने का आरोप है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक आरोपी हिरासत में हैं। तीन और आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। -कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी सिटी