उत्तर प्रदेश राज्य

जब बरात बिना दुल्हन लौटी

जोया (अमरोहा). अमरोहा के जोया क्षेत्र के गांव में बरात उस समय बैरंग लौट गई, जब दुल्हन ब्यूटी पार्लर से ही लापता हो गई। शाम तक दुल्हन के लौटने का इंतजार होता रहा लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। गांव से बरात बिना दुल्हन लौटी तो पुलिस भी वहां पहुंच गई। काफी तलाश करने पर उसका पता नहीं लगा। बाद में परिवार के लोगों ने तहरीर देकर पुलिस से उसे बरामद करने की मांग की है।

मामला कोतवाली डिडौली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर एक किसान की बेटी की बरात नौगांवा थाना क्षेत्र के गांव से सोमवार को गांव आई थी। बरात दिन की थी। दोपहर होने से पहले किसान की बेटी सजने के लिए ब्यूटी पार्लर गई थी। इस दौरान बरात भी वहां पहुंच गई।

बरात पक्ष को पता चला कि दुल्हन मेकअप कराने के लिए ब्यूटी पार्लर गई है। शादी की अन्य तैयारियां चल रही थी। बरात चढ़ने से पहले कुछ रस्म होनी थी, लेकिन वह शाम पांच बजे तक वापस नहीं आई।जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग सका। दुल्हन के न मिलने पर काफी देर बरात भी बैरंग लौट गई। मामले की जानकारी होते ही पुलिस भी वहां पहुंच गई।

बाद में परिजनों ने अनहोनी के चलते थाने में तहरीर दी। क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थी। देर शाम दूल्हा बिना दुल्हन के अपने गांव लौट गया। सीओ विजय कुमार राणा का कहना है कि तहरीर क आधार पर जांच की जा रही है। गायब हुई युवती की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। परिजनों से इस संबंध में वार्ता की जा रही है।