नई दिल्ली: दुनिया में तेल से संपन्न देश सऊदी अरब में शुक्रवार को हर तरफ एक खास तरह की उमंग देखी गई. इस्लाम की जन्मभूमि और इसके सर्वाधिक पवित्र स्थलों (मक्का-मदीना) वाले इस देश की पहचान अभी तक एक रूढ़िवादी राजशाही के रूप में रही है. लेकिन, इसी देश में हो रहे बदलावों के बीच शुक्रवार को खेल के स्टेडियमों में महिलाओं का स्वागत किया गया।
सऊदी अरब की महिलाओं को मैच देखने की अनुमति
सऊदी अरब की महिलाओं को शुक्रवार को पहली बार स्टेडियम में पेशेवर फुटबॉल मैच देखने की अनुमति मिली है. जो इस बात का इशारा कर रही है कि सऊदी अरब की महिलाएं 2018 में वह चीजें करती नजर आएंगी जो उनके लिए कभी ख्वाब भर था,हमेशा सऊदी अरब में महिलाओं पर पुरुषों की तरह आज़ादी नही थी लेकिन मोहम्मद बिन सलमान अब महिलाओं को इस क्षेत्र में स्वतंत्रता देने का ऐलान किया है,सऊदी अरब में अब चुनिंदा खेल खेलने की इजाजत मिल गई है और वाहन चलाने की भी इज़ाज़त मिल गई है,ये राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान द्वारा किए जा रहे व्यापक सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों की श्रृंखला का हिस्सा हैं।
सऊदी अरब के लिए बदलाव का साल रहा 2017
सऊदी अरब के लिए साल 2017 परिवर्तनकारी रहा. जहां लैंगिक समानता में सुधार, आर्थिक विविधता को बढ़ावा, भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने और आगंतुकों के लिए अधिक खुला और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न तरह की पहल शुरू की गईं।
दुनिया के सबसे कम उम्र के रक्षा मंत्री राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान
दुनिया के सबसे कम उम्र के रक्षा मंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान हैं. जिन्होंने 32 साल की उम्र में पिछले जून में क्राउन प्रिंस का पदभार संभाला था. इनकी ये पहल ‘नेशनल ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम 2020’ और ‘विजन 2030’ का हिस्सा है. जिसकी रूपरेखा उन्होंने पिछले साल खींची थी।
सऊदी अरब में लिंग समानता की पहल
सऊदी अरब के विजन 2030 पर दुनिया का ध्यान तब अधिक गया, जब वहां लिंग समानता की पहल की गई. सऊदी अरब के इतिहास में पहली बार स्कूलों में लड़कियों को खेल में हिस्सा लेने और शारीरिक शिक्षा प्राप्त करने की अनुमति मिलेगी. सऊदी अरब की महिलाओं को देश के कुछ स्टेडियम में प्रवेश करने की इजाजत दी गई है. जिसे सऊदी अरब में पहले केवल पुरुषों से जोड़कर देखा जाता था. पिछले सितंबर में जारी एक शाही आदेश के तहत जून 2018 से महिलाओं को देश में वाहन चलाने का अधिकार होगा।
मदीना की नगरपालिका महिलाएं संचालित करेंगी
सामाजिक परिवर्तनों की इसी दिशा में जल्द ही पवित्र शहर मदीना की नगरपालिका को महिलाएं संचालित करती नजर आएंगी. केवल महिलाओं द्वारा संचालित नगरपालिका वाणिज्यिक गतिविधियों के लाइसेंस जारी करने के साथ ही निर्माण, निरीक्षण अभियानों और निवेश की अनुमति सहित नगरपालिकाओं द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी नियमित सेवाएं प्रदान करेगी।