विशेष

पाकिस्तान में पेट्रोल भारत से बहुत सस्ता, भाव जानकर हैरानी होगी-जानिए नेपाल,बंग्लादेश,श्रीलंका के भाव

नई दिल्ली: भारत में पेट्रोल की कीमतों ने जेब ढ़ीली कर रखी हैं जिसको लेकर पूरे देश में विरोध होरहा है,सरकार बढ़ती महंगाई पर खामोश है,जिसके कारण आक्रोश और ज़्यादा बढ़ रहा है,विपक्षी दलों ने भारत बंद किया था लेकिन सरकार पर इसका कोई दबाव नही बना पाये।

भारत मे पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं लेकिन क्या आपको पता है भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में पेट्रोल की कीमत भारत से बहुत कम है। भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं। सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 0.23 पैसे बढ़कर 80.73 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई। मुंबई में तो पेट्रोल 90 रुपए प्रति लीटर के आसपास पहुंच गया है। आज मुंबई में पेट्रोल की कीमत 0.23 पैसे बढ़कर 88.12 रुपए प्रति लीटर होगी। डीजल की कीमतें भी 77.32 रुपए प्रति लीटर हो गई।

भारत के पड़ोसी देशों में पेट्रोल, डीजल की कीमत जानने से पहले आपका ये जानना जरूरी है कि हमारे यहां पेट्रोल और डीजल के दाम कैसे तय होते है। भारत में पेट्रोल डीजल की मूल कीमत में एक्साइज ड्य़ूटी जोड़ी जाती है। सामान्य पेट्रोल पर ये 19.48 रुपए है वहीं ब्रांडेड पेट्रोल पर 20.66 रुपए एक्साइज ड्यूटी है। इसी तरह सामान्य डीजल पर 15.33 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी वसूली जाती है। ब्रांडेड डीजल पर 17.69 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी है।

इस एक्साइज ड्यूटी पर राज्यों का वैट जुड़ता है। ये हर राज्य में अलग-अलग है। महाराष्ट्र में पेट्रोल पर 38.11 फीसदी वैट है। पूरे देश में ये सबसे ज्यादा है। वहीं डीजल पर 21.89 फीसदी वैट है। मुंबई, थाने और नवी मुंबई के लिए ये दर थोड़ी ज्यादा है। इसके बाद इसमें डीलर का कमीशन जुड़ता है। पेट्रोल पर ये 3 रुपए से 3.65 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 2 रुपए से 2.62 प्रति लीटर है।

इन सबके जुड़ने के बाद पेट्रोल की कीमत आम लोगों के लिए दोगुनी हो जाती है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत भारत से कम है। पाकिस्तान में 1 लीटर पेट्रोल 57.83 रुपए (शुक्रवार की कीमत) का मिल रहा है। आज मुंबई में पेट्रोल का भाव 88.12 रुपए है। इस हिसाब से पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत भारत के मुंबई से 30 रुपए कम है। श्रीलंका में इसकी कीमत 64.12 रुपए लीटर है। नेपाल में एक लीटर पेट्रोल 68.30 रुपए का है। वहीं बांग्लादेश में इसकी कीमत 73.06 रुपए प्रति लीटर है। ये सभी कीमतें भारतीय रुपए में हैं।