देश

भारत ने #अग्नि-5 परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल का किया सफल परीक्षण, मारक क्षमता 5000 किलोमीटर से अधिक!

भारत-चीन सीमा पर जारी तनाव के बीच गुरुवार 15 दिसंबर को भारत ने अपनी सबसे खतरनाक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण कर लिया है।

भारत के रक्षा सूत्रों की तरफ से कहा गया है कि भारत ने कल गुरूवार को सफलतापूर्वक अग्नि-5 परमाणु-सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का नाइट ट्रायल किया, जो 5,000 किलोमीटर से अधिक के लक्ष्यों को भेद सकती है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हाल ही में झड़प हुई थी।

ओडिशा के अब्दुल कलाम द्वीप से परीक्षण किया गया। परीक्षण में डमी वॉर-हेड का इस्तेमाल किया गया था। इस परीक्षण को नई तकनीकों और उपकरणों के साथ किया गया था। यह मिसाइल पहले से हल्की है। इसके साथ ही यह भी जानकारी दी गई है कि इस परीक्षण ने जरूरत पड़ने पर अग्नि-5 मिसाइल की रेंज बढ़ाने की क्षमता साबित की है।

भारत लंबे समय से अग्नि-5 के परीक्षण की योजना बना रहा है, क्योंकि यह भारत से विकसित मध्यम और लंबी दूरी की परमाणु-सक्षम बैलिस्टिक मिसाइलों की श्रृंखला में पांचवीं मिसाइल होगी।

मिसाइल का पहली बार परीक्षण साल 2012 में किया गया था, इसके बाद के परीक्षण साल 2013, साल 2015, साल 2016, साल 2018 और साल 2021 में किए गए। इस मिसाइल को पनडुब्बी से भी लॉन्च किया जा सकता है। अग्नि-5 मिसाइल 5,000 किलोमीटर की रेंज में हमला करने में सक्षम है।