देश

मिशन 2024…#UP में जून की दोपहर घर-घर पहुंच दरवाज़ा खटखटाएंगे बीजेपी नेता!

TRUE STORY
@TrueStoryUP
कर्नाटक के नतीजों के बाद एक्शन मोड़ में BJP, #UP में जून की दोपहर घर-घर पहुंच दरवाजा खटखटाएंगे बीजेपी नेता, हर लोकसभा में मोदी-शाह की रैली.. हर हाल में मिशन २०२४ … नैया पार लगाने को जिम्मेदारियां तय

UP Politics: मिशन 2024 के लिए बीजेपी पूरी तरह एक्टिव मोड में है। मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए 1 से 30 जून तक पार्टी महाजनसंपर्क अभियान चला रही है। हर लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं की रैलियां कराई जाएंगी। नरेंद्र मोदी सरकार की दूसरी पारी के पांचवें साल में प्रवेश करने के साथ ही भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। जून की दोपहरी में सरकार-संगठन के चेहरे, पदाधिकारी, कार्यकर्ता घर-घर पहुंच जनता का दरवाजा खटखटाएंगे। नौ साल की मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत करवाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को बताया कि 30 जून तक पार्टी महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसके तहत हर लोकसभा में जनसंवाद रैली का आयोजन होगा। पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का भी समय मांगा गया है। इनकी भी रैलियां होंगी।

पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि 1 से 20 जून तक लोकसभा स्तर पर 7 और विधानसभा स्तर पर चार तरह के कार्यक्रम/अभियान संचालित किए जाएंगे। वहीं, हर पर बूथ पर 21 से 30 जून तक तीन अलग-अलग कार्यक्रम संचालित होंगे। इसमें संपर्क से समर्थन अभियान भी शामिल है। इसके तहत सरकार-संगठन के लोग घरों तक पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों का पत्रक बांटेंगे। उनसे टॉल फ्री नंबर पर मिस कॉल भी करवाया जाएगा। चौधरी ने बताया कि मोदी सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल भारत के नवनिर्माण को समर्पित रहा है। आज का भारत विरासत व संस्कृति को संजोते हुए विकास के नए आयाम छूने वाला भारत है। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, संजय राय, मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रवक्ता अवनीश त्यागी भी मौजूद थे।