दुनिया

मैंने अफ़ग़ानिस्तान में 25 लोगों की हत्याएं की हैं : प्रिंस हैरी

ब्रिटेन के शाही परिवार के एक सदस्य तथा प्रिंस चार्लस के छोटै बेटे ने अफ़ग़ानिस्तान में 25 हत्याओं की बात स्वीकार की है।

प्रिंस चार्ल्स के सबसे छोटे बेटे प्रिंस हैरी ने SPARE नामक अपनी आटोबायोग्राफ़ी में लिखा है कि मैंने अफ़ग़ानिस्तान में 25 लोगों की हत्याएं कीं।

इस बारे में प्रिंस हैरी लिखते हैं कि मैंने पायलट के रूप में अफ़ग़ानिस्तान में छह हवाई मिशन अंजाम दिये जिसके दौरान 25 लोगों की हत्या की। प्रिंस हैरी के अनुसार न तो इन हत्याओं से मुझे कोई ग्लानि है और न ही कोई गर्व है।

उन्होंने अपाचे हैलिकाप्टर के पायलट के रूप में अफ़ग़ानिस्तान में 25 लोगों की हत्या की बात को अपनी किताब में स्वीकार किया है। अपनी किताब में प्रिंस हैरी ने 17 वर्ष की आयु में कोकीन लेने की भी बात स्वीकार की है। समाचारपत्र टेलिग्राफ का लिखना है कि यह पहली बार है कि जब 38 वर्षीय प्रिंस हैरी ने अपनी आत्मकथा लिखकर अफ़ग़ानिस्तान में अपनी मिलेट्री सेवा के दौरान कुछ अफ़ग़ानियों को मारने की स्वीकारोक्ति की है।

 

प्रिंस हैरी, जिन निर्दोष लोगों की तुमने हत्या की थी, वे शतरंज के मोहरे नहीं बल्कि इंसान थे फिर भी तुम इस खेल में हार गए, तालिबान

तालिबान शासन ने ब्रितानी प्रिंस हैरी द्वारा अफ़ग़ानिस्तान में 25 लोगों की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें उनके अपराधों के लिए सज़ा दिए जाने की मांग की है।

ब्रितानी प्रिंस हैरी ने अपनी आत्मकथा में अफ़ग़ानिस्तान में अपनी 2 घंटे की सैन्य सेवा के दौरान 25 लोगों की हत्या की बात स्वीकार की है।

ब्रिटिश मीडिया के अनुसार, हैरी ने अपनी आत्मकथा में ख़ुलासा किया है कि उन्होंने यह हत्याएं ऐसे की, जैसे शतरंज कि बिसात पर मोहरों को मारा जाता है।


तालिबान नेता अनस हक्क़ानी ने प्रिंस हैरी के इस रहस्योद्घाटन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रिंस हैरी ने शतरंज के मोहरों को नहीं बल्कि निर्दोष इंसानों की जान ली थी।

शुक्रवार को अल-जज़ीरा से बात करते हुए तालिबान नेता ने कहा कि हमने उन दिनों का रिकार्ड चैक किया है, जब प्रिंस हैरी ने यह हत्याएं की थीं, हेलमंद में उन दिनों तालिबान को कोई जानी नुक़सान नहीं हुआ था।

उन्होंन कहाः यह घटना अफ़ग़ानिस्तान में पश्चिमी देशों के 20 वर्षों के युद्ध अपराधों की एक झलक है, जो अपराध यहां अंजाम दिए गए हैं, उसकी यह पूरी तस्वीर नहीं है।

इससे पहले भी तालिबान नेताओं ने ब्रिटिश सैनिकों पर अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध अपराधों का आरोप लगाया था।

अनस हक्क़ानी ने विश्व समुदाय को चुनौती दी है और कहा है कि क्या वह हैरी को उसके अपराधों के लिए इंसाफ़ के कटघरे में खड़ा करेगा।

हैरी की आत्मकथा के कवर की एक तस्वीर शेयर करते हुए तालिबान नेता ने कई ट्वीट किए हैं और लिखा है कि मिस्टर हैरी, जिन लोगों की तुमने हत्या की वे शतरंज के मोहरे नहीं थे, वे इंसान थे। उनके परिवार थे, जो उनकी वापसी की प्रतीक्षा कर रहे थे। हालांकि निर्दोष अफ़ग़ानों के हत्यारों में से बहुत से लोगों के पास अपनी अंतरात्मा की सुनने और अपने युद्ध अपराधों को स्वीकार करने की शालीनता भी नहीं है।

अनस हक्क़ानी का कहना था कि सच तो वह है जो तुमने कहा है। हमारे भोले-भाले लोग आपके सैनिकों, सेना और राजनेताओं के लिए शतरंज के मोहरे ही थे। फिर भी आप लोग सफ़ेद और काले ख़ानों के इस खेल में हमसे हार गए