उत्तर प्रदेश राज्य

यूपी : जेवर कम लाने पर दुल्हन ने लौटाई बारात, दूल्हा पहुंचा थाने, बोला- लड़की वाले ज़यादा दहेज मांग रहे हैं….

Journalist Jafri II

==============

कानपुर देहात में एक दुल्हन ने वरमाला के बाद शादी से इनकार कर दिया। लड़के वालों का कहना है कि शादी में कम जेवर लाने पर लड़की ने फेरे लेने से मना कर दिया। इसके बाद लड़का थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि लड़की वाले हम लोगों से दहेज मांग रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बैठाकर बातचीत की, लेकिन दुल्हन नहीं मानी। आखिर में समझौते के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र एक गांव का है। शादी 29 अप्रैल को थी।

मानपुर गांव के लाला राम के बेटे कृष्ण मुरारी की शादी सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव में तय हुई थी। कृष्ण मुरारी ने बताया, “शादी बिना किसी दान-दहेज के तय हुई थी। जब बातचीत शुरू हुई थी, तब लड़की वालों ने हमसे कोई उपहार और जेवर की मांग नहीं की थी।”

उसने बताया, ”29 अप्रैल हम लोग बैंड-बाजे के साथ बारात लेकर लड़की वालों के दरवाजे पहुंचे। उस समय हमारा खूब आदर-सत्कार किया गया। बारातियों को अच्छे से नाश्ता कराया गया। उसके बाद हम लोग नाचते-गाते द्वारचार स्थल तक पहुंचे।”

कृष्ण मुरारी के मुताबिक, ”द्वारचार की रस्म भी हंसी-खुशी पूरी हो गई। उसके बाद सभी बारातियों को खाना खिलाया गया। खाने के दौरान ही मुझे वरमाला के लिए स्टेज पर बुलाया गया। वहां पर भी लड़की ने कुछ नहीं कहा और हम दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। उसके बाद लड़की को स्टेज से अंदर भेज दिया गया। फिर हम दोनों को खाने पर बुलाया गया। लड़की ने मेरे साथ खाना भी खाया। उसके बाद मुझे जनवासे भेज दिया गया और लड़की भी अपने कमरे में चली गई। रात करीब 2 बजे हम दोनों को मंडप में सिंदूर चढ़ाने और सात फेरों की रस्म के लिए बुलाया गया।”

उसने बताया, ”हम दोनों लोग मंडप में बैठ गए। उसके बाद हमारी तरफ से जो भी उपहार के रूप में साड़ियां, शर्ट-पैंट और लड़की के लिए जेवर लाए गए थे, वे सब सामने रख दिए गए। बस यहीं पर बात बिगड़ गई। लड़की कम दहेज और कम जेवर लाने पर ऐतराज जताने लगी। वह कहने लगी कि इतने कम दहेज में मैं शादी नहीं करूंगी।”

”मेरे परिवार के लोगों ने काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी”
कृष्ण मुरारी ने बताया, “दुल्हन को दहेज मांगता देख मंडप में बैठे लोग भी सन्न रह गए। मेरे परिवार के लोगों ने उसे काफी समझाया, लेकिन लड़की नहीं मानी। लड़की के भाई और भाभी ने भी उसका समर्थन किया। वे लोग कहने लगे कि अब शादी तो तभी होगी जब और जेवर लाओगे, नहीं तो बारात वापस ले जाओ। इसके बाद करीब 2 घंटे तक मान मनौवल होती रही। दोनों परिवारों के लोग बातचीत करते रहे।”

बिना दुल्हन लिए लौट गया दूल्हा जब किसी भी तरह बात नहीं बनी, तो दूल्हा पक्ष बारातियों को लेकर सिकंदरा थाने जा पहुंचा। दूल्हे ने पुलिस को लड़की वालों की तरफ से दहेज मांगने और शादी से इनकार करने की बात बताई। पुलिस ने लड़की पक्ष को भी थाने बुलाया।

इसके बाद दोनों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत की गई। पुलिस ने प्रयास किया कि लड़की मान जाए और शादी हो जाए। लेकिन लड़की ने कम दहेज में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद सिकंदरा थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया। शाम करीब 5 बजे दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर लौट गया।”

थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया ,”शादी समारोह में विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि कम चढ़ावे का सामान लाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। न समझने पर उन्हें थाने बुलाया गया। थाने आने पर भी दोनों पक्षों को समझाया गया लेकिन बात नहीं बनी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति के साथ शादी के कार्यक्रम में लेन-देन का सामान वापस कर शादी न करने का समझौता कर लिया है। इसकी थाने में लिखित रूप में सूचना भी दी है। “