मनोरंजन

रंग का तो कोई धर्म नहीं होता, दुर्गा की मूर्ति को सजाते वक़्त हरे रंग का चूड़ा, हरे रंग की शॉल और हरी चोली पहनाते हैं!

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पठान’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फिल्म के गाने ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका के सेंसुअस मूव्स और बिकिनी के रंग को लेकर बवाल हो रहा है। मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जहां फिल्म के सीन और कपड़ों को बदलने की मांग की है, तो लोग पोस्टर जलाकर अपना विरोध जता रहे हैं। इसी बीच फिल्म की मध्यप्रदेश में रिलीज भी खतरे में पड़ गई है। अब दीपिका पादुकोण का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह रंग को धर्म से जोड़ने वालों को जवाब दे रही हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल होता यह वीडियो दीपिका की फिल्म ‘बाजीराव मस्तनी’ का है। इस वीडियो को एक यूजर ने शेयर करते हुए लिखा, ‘ये सच है कि हर धर्म ने एक रंग को चुन लिया है पर रंग का तो कोई धर्म नहीं होता। इंसान का मन जरूर काला हो जाता है, जब उसे हर रंग में भी धर्म नहीं होता।’ ‘बाजीराव मस्तनी’ की इस क्लिप में दीपिका यही डायलॉग बोल रही हैं और इसके आगे कहती हैं, ‘दुर्गा की मूर्ति को सजाते वक्त हरे रंग का चूड़ा, हरे रंग की शॉल और हरी चोली पहनाते हैं, दरगाह में बड़े-बड़े पीर फकीरों की मजार पर केसरिया रंग की चादर चढ़ाते हैं, तब तो रंग का ख्याल नहीं आता।’


दीपिका के इस क्लिप पर लोग भी कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों को ‘पठान’ के गाने में दीपिका का बिकिनी लुक पसंद नहीं आ रहा है, तो कुछ इसके विरोध की वजह समझ नहीं पा रहे हैं। उनका कहना है कि दीपिका पहले भी पर्दे पर भगवा रंग की बिकिनी में नजर आ चुकी हैं, ऐसे में अब ये बवाल होना उनकी समझ से परे है। इसी तरह गाने का विरोध भी लोग खुलकर कर रहे हैं और अभिनेत्री के सेंसुअस मूव्स और रिवीलिंग कपड़ों पर आपत्ति जता रहे हैं।

बता दें कि ‘पठान’ के गाने ‘बेशर्म रंग’ की रिलीज के बाद से ही फिल्म को बायकॉट करने की मांग की जा रही है। भड़के हुए यूजर्स का कहना है कि गाने में अश्लीलता दिखाई गई है और ऐसे में फिल्म का बायकॉट करने पर जोर दिया जा रहा है। ‘पठान’ की बात करें तो इस फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अलावा जॉन अब्राहम भी नजर आने वाले हैं। वहीं, यह फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।