दुनिया

रूसी अधिकारियों की पश्चिमी सरकारों को ललकार : पुतीन ने दुनिया में अमरीकी वर्चस्व समाप्त हो जाने का ऐलान किया!

रूस के अधिकारियों ने पश्चिमी सरकारों को ललकारा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन ने दुनिया में अमरीकी वर्चस्व समाप्त हो जाने की बात करते हुए कहा कि एकध्रुवीय व्यवस्था का दौर ख़त्म हो चुका है और रूस पर पाबंदियां लगाने के नतीजे में यूरोप को 400 अरब डालर का नुक़सान उठाना पड़ा।

पुतीन ने शुक्रवार को अमरीका पर तंज़ कसते हुए कहा कि अमरीका ने शीत युद्ध जीतने के बाद ख़ुद को ईश्वर का दूत ज़ाहिर करने की कोशिश की मगर अब एकध्रुवीय व्यवस्था का युग समाप्त हो चुका है।

रूसी राष्ट्रपति का कहना था कि पश्चिमी अधिकारी अब भी इसी भूल में हैं कि वही पूराना दौर चल रहा है और पश्चिम के रहमोकरम पर दुनिया टिकी हुई है।

पुतीन ने यूरोप की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ तो वास्तव में अपनी संप्रभुता खो चुका है, उसे अमरीका की तरफ़ से जो हुक्म मिलता है उस पर अमल करता है और इसके नतीजे में अपने नागरिकों और अपनी अर्थ व्यवस्था को नुक़सान पहुंचा रहा है।

पुतीन ने यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में बात करते हुए कहा कि यूक्रेन पर सैनिक हमले का फ़ैसला करना बड़ा कठिन काम था हमारा मक़सद डोनबास के अवाम की मदद करना था ज्ञ इस आप्रेशन से जुड़े सारे काम पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अमरीका की नेतृत्व में पश्चिम की ओर से रूस की अर्थ व्यवस्था पर किया जाने वाला हमला नाकाम रहा।

इसी बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि हमने यूक्रेन पर हमला नहीं किया है, हमने एक विशेष सैन्य अभियान का एलान किया क्योंकि हमारे पास पश्चिमी दुनिया को समझाने का कोई दूसरा तरीका नहीं था कि यूक्रेन को नेटो में घसीटा जाना एक आपराधिक कृत्य था।

लावरोफ़ ने का कहना था कि बिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और विदेश मंत्री लिज़ ट्रस ने खुलकर कहा है कि हमें रूस को हराना चाहिए और उसे घुटनों पर लाना चाहिए, अगर ऐसा है तो कर के देख लीजिए।

पिछले महीने ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज़ ट्रस ने कहा था कि पुतिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को शर्मिंदा कर रहे हैं और हमें ये सुनिश्चित करना चाहिए कि यूक्रेन में उनकी हार हो।