दुनिया

सूडान में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही : 80 से ज्यादा लोगों की मौत, 8,170 से अधिक मकान जलमग्न

सूडान में मौसमी मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में अब तक 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और 8,170 से अधिक मकान जलमग्न हो गए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

सूडान की नेशनल सिविल डिफेंस काउंसिल के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अब्दुल-जलील अब्दुल रहीम ने कहा कि उत्तरी कोर्दोफन प्रांत में 19 लोगों की मौत हुई है, इसके बाद नील नदी प्रांत में 7 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी दारफुर क्षेत्र में, जिसमें पांच प्रांत हैं, 16 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने यह नहीं बताया कि पहली घटना कब हुई। सूडान का वर्षा का मौसम आमतौर पर जून में शुरू होता है और सितंबर तक जारी रहता है, अगस्त और सितंबर में बाढ़ चरम पर होती है।

इसी प्रकार प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 40 दुकानें जलमग्न हो गई हैं और देश भर में कम से कम 540 एकड़ खेत क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने कहा है कि मई के बाद से पूर्वी अफ्रीकी देश में भारी वर्षा से अनुमानित 38,000 लोग प्रभावित हुए हैं।

पिछले साल बाढ़ और भारी बारिश से 80 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और देश भर में हजारों मकान बाढ़ के पानी में बह गए थे। अधिकारियों ने 2020 में सूडान को एक प्राकृतिक आपदा क्षेत्र घोषित किया और बाढ़ और भारी बारिश के बाद देश भर में 3 महीने के लिए आपातकाल की स्थिति लागू कर दी और बाढ़ जनित घटनाओं में लगभग 100 लोगों की मौत हो गई और एक लाख से ज्यादा मकान जलमग्न हो गए।