दुनिया

अमेरिकी सीनेट ने वर्ष 2023 के लिए 850 अरब डॉलर का रक्षा विधेयक मंजूर, यूक्रेन से ज्यादा ताइवान को सैन्य मदद!

अमेरिकी सीनेट ने वर्ष 2023 के लिए 850 अरब डॉलर के भारी भरकम रक्षा विधेयक को मंजूरी दे दी।

इसमें ताइवान को 10 अरब डॉलर और यूक्रेन को 80 करोड़ डॉलर की सुरक्षा सहायता का प्रावधान किया गया है।

अमेरिकी अखबार ‘द हिल’ के अनुसार सीनेटरों ने गुरुवार को राष्ट्रीय रक्षा प्राधिकरण अधिनियम जबर्दस्त समर्थन से पारित कर दिया। इसके पक्ष में 83 वोट पड़े, जबकि विरोध में 11, पारित विधेयक को राष्ट्रपति जो बाइडन के हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा।

सीनेट ने इस विधेयक के साथ ताइवान एन्हांस्ड रेजिलिएंस एक्ट को भी पारित किया है। इसमें ताइवान की सुरक्षा क्षमताओं को आधुनिक बनाने के लिए 10 अरब डॉलर की सुरक्षा सहायता की व्यवस्था की गई है। ताइवान की तरह ही यूक्रेन की सुरक्षा के लिए भी 80 करोड़ डॉलर का प्रावधान किया गया है।

बाइडन ने यूक्रेन के लिए 50 करोड़ डॉलर का प्रावधान किया था, जबकि स्वीकृत राशि उससे ज्यादा है। अमेरिकी रक्षा विधेयक में सेना के लिए COVID-19 वैक्सीन आदेश को निरस्त करने, सैन्य वेतन बढ़ाने और रूस पर प्रतिबंध जैसे कई अन्य कदम भी शामिल हैं।

नए साल के रक्षा विधेयक में भी ताइवान व यूक्रेन की बड़ी सैन्य मदद का प्रावधान खतरों के खिलाफ अमेरिकी सहायता को रेखांकित कर रहा है।