देश

अहमदनगर-पुणे राजमार्ग पर हादसे में दो साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत!

अहमदनगर-पुणे राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक कंटेनर ट्रक और कार की टक्कर हो गई। हादसे में दो साल की बच्ची समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुदाम भोंधवे (66), सिंधुबाई (60), कार्तिकी अश्विन भोंधवे (30) और आनंदी अश्विन भोंधवे (02) के रूप में हुई है। सभी बीड की पटोदा तहसील के डोमारी के निवासी हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार पुणे की ओर जा रहा था। पुणे जिले में करेगांव के पास एक कंटेनर ट्रक लापरवाहीपूर्वक पार्क किया गया था। तभी एक कार कंटेनर से टकरा गई। इसके बाद यातायात बाधित हो गया। कार में सवार चारों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

शिरूर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच जारी है। सुदाम भोंधवे बीड जिले में एक आवासीय विद्यालय चलाते थे। कार को परिवार का ही एक सदस्य चला रहा था। हादसे में वे भी घायल हुए हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।