उत्तर प्रदेश राज्य

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सात दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया-जानिए पूरा मामला

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सात दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सभी राष्ट्रीय भवनों पर लगे तिरंगे आधे झुके रहेंगे। वहीं, शुक्रवार को राजकीय अवकाश की घोषणा की गई है।

शुक्रवार को सरकारी ऑफिस, बैंक और सभी स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली एनसीआर, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ में भी सरकारी संस्थान और स्कूल बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने यह भी घोषणा की है कि अटल जी के पैतृक स्थान बटेश्वर, शिक्षा क्षेत्र कानपुर, प्रथम संसदीय क्षेत्र बलरामपुर व कर्मभूमि लखनऊ में स्मृतियों को सजीव रखने के लिए विशिष्ट कार्य किए जाएंगे। उनकी अस्थियां हर जनपद की पवित्र नदियों में प्रवाहित की जाएंगी।

अटल जी का बृहस्पतिवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में शाम पांच बजकर पांच मिनट पर निधन हो गया। जिसके बाद से पूरा देश शोक की लहर में डूब गया। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष के नेताओं ने उनके स्वर्गवास पर दुख जाहिर किया।

अटल जी अपने विशाल व्यक्तित्व के कारण विरोधियों में भी खासे लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर आने के पहले तक प्रदेश भर में उनके चाहने वालों ने उनकी सलामती की दुआ मांगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मैं नि:शब्द हूं। शून्य में हूं। उनके जाने से मन में भावनाओं का ज्वार उठ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्घांजलि देने के साथ ही उनके देश के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया।