देश

एक शख्स ने बिल्ली के बच्चे की गर्दन मरोड़ कर मार डाला!

मुंबई के माटुंगा में बृहस्पतिवार को एक शख्स ने कथित तौर पर बिल्ली के बच्चे की गर्दन मरोड़ कर मार डाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, माटुंगा के टीएच कटारिया रोड पर आरोपी ने बिल्ली के बच्चे की गर्दन मरोड़ कर मारा था। उस दौरान वहां से गुजर रहे एक 22 वर्षीय युवक ने उसे देख लिया और आरोपी के खिलाफ मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस शिकायत दर्ज कराने वाला युवक घटना के समय अपने घर जा रहा था। उसने माटुंगा इलाके में एक रेस्तरां के पास बिल्ली के बच्चे के साथ शख्स को देखा। दर्ज शिकायत के मुताबिक वह बिल्ली के बच्चे की गर्दन मरोड़ रहा था। जिससे बिल्ली के बच्चे की मौत हो गई। युवक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

माहिम थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 428 (जानवरों को मारने या अपंग बनाने की शरारत) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो महीने में 96 फरार और 248 वांछित आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने 14 फरवरी से 15 अप्रैल के बीच 96 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्हें अदालतों ने फरार घोषित किया था। इसके अलावा 248 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि फरार और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, कम से कम 26 फरार और 27 वांछित आरोपी मारे गए है।