देश

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर एक पुलिस अधिकारी ने जानलेवा हमला किया, सीने पर गोली लगी : रिपोर्ट

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर जानलेवा हमला किया गया। ब्रजराजनगर के गांधी चौक में एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें कुछ अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। इसके बाद नब दास को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, नब दास के सीने पर गोली लगी है।

ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चला दी। घटना में मंत्री घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। भोई ने बताया कि स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई ने मंत्री पर गोली क्यों चलाई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है।

एसडीपीओ के मुताबिक, घटना ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न करीब एक बजे के आसपास उस समय हुई, जब दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। मंत्री को पहले झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हवाई मार्ग से भुवनेश्वर के अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दास पर हमले के बाद शहर में तनाव व्याप्त हो गया। मंत्री की समर्थकों ने उनकी सुरक्षा में चूक पर सवाल उठाए।

कुछ समर्थकों ने आरोप लगाया कि दास को निशाना बनाने के लिए साजिश रची गई थी। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। घटना की गहन जांच के बाद ही और जानकारियां सामने आ पाएंगी।

 

ANI_HindiNews
@AHindinews
·ओडिशा: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब दास को लेकर एक एंबुलेंस भुवनेश्वर हवाईअड्डे से एक निजी अस्पताल के लिए रवाना हुई।

झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के पास आज एक पुलिस कर्मी द्वारा गोली मारे जाने के बाद उन्हें भुवनेश्वर ले जाया गया है।

 

 

भुवनेश्वर एयरलिफ्ट किया गया
नब दास को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच मंत्री नब दास को भुवनेश्वर एयरलिफ्ट किया गया। स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की जानकारी मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को दे दी गई है। वे दास से मिलने भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल पहुंच गए हैं। नब दास बीजद के एक वरिष्ठ नेता हैं। हाल ही में शनि मंदिर में 1.7 किलोग्राम का सोने का कलश चढ़ाने के बाद वह चर्चा में आए थे।

क्राइम ब्रांच करेगी घटना की जांच
हमले के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा, क्राइम ब्रांच को घटना की जांच करने का निर्देश दिया गया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है।


जानें कौन हैं मंत्री नब किशोर दास जिनपर जानलेवा हमला हुआ?

नवीन पटनायक सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक, ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास के पास लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य के 70 से अधिक वाहनों का एक बड़ा बेड़ा है। दास के संपत्ति विवरण की खास बात यह है कि उनके पास 31 दिसंबर, 2021 तक 15 करोड़ रुपये के 70 वाहन थे, जिसमें एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है, जिसकी वर्तमान कीमत 1.14 करोड़ रुपये है। हालांकि, दास के पास अपने अंतिम संपत्ति विवरण के अनुसार 80 वाहन थे।

नब किशोर दास के पास तीन हथियार
नब किशोर दास की संपत्ति में तीन हथियार भी हैं जिनमें 55,000 रुपये की एक रिवॉल्वर, 1.25 लाख रुपये की एक राइफल और 17,500 रुपये की कीमत वाली एक डबल बैरल बंदूक भी हैं।

नब किशोर ओडिशा के धनी नेताओं में से एक
दास द्वारा घोषित संपत्ति विवरण के अनुसार, उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा में विभिन्न बैंकों में 45.12 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि है। मंत्री ने विभिन्न सावधि जमाओं में 77.43 लाख रुपये से अधिक का निवेश किया है।

पत्नी के नाम भी अकूत संपत्ति
नब किशोर दास की पत्नी के नाम 34 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी के नाम पर अलग-अलग बैंकों में पैसे जमा हैं, ज्यादातर संबलपुर के बैंक में जमा हैं। बैंक में उनके नाम पर 1.13 करोड़ रुपये से अधिक की राशि और 2.24 करोड़ रुपये से अधिक की सावधि जमा है। वह शेयरों और बीमा पॉलिसियों के रूप में अचल संपत्ति की भी मालकिन हैं।

नब किशोर दास के पास दिल्ली, कोलकाता, भुवनेश्वर समेत कई शहरों में अचल संपत्ति
दास के पास 1.09 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित कीमत वाली कृषि भूमि है, उनके पति के पास लगभग 99 लाख रुपये की समान भूमि है। मंत्री के पास 83 लाख रुपये से अधिक मूल्य की गैर-कृषि भूमि है। इसके अलावा, दास के पास नई दिल्ली, कोलकाता, भुवनेश्वर, रायराखोल और झारसुगुड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर आवासीय भवन हैं, जिनकी अनुमानित कुल कीमत 2,28,15,000 रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास लगभग 2 रुपये के वर्तमान मूल्य के साथ व्यावसायिक संपत्तियां हैं।

आभूषणों और गहनों में, दास के पास 1,98,450 रुपये मूल्य का 60 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास कुछ चांदी के अलावा 1091475 रुपये मूल्य का 330 ग्राम सोना है। एडीआर इलेक्शन वॉच के अनुसार, 2019 के चुनावों से पहले, उनकी कुल संपत्ति 21 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी के साथ 33 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।

महाराष्ट्र के एक शनि मंदिर में 1 करोड़ रुपये का सोने का घड़ा भी दान किया था
ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास ने महाराष्ट्र के एक शनि मंदिर को 1 करोड़ रुपये का सोने का घड़ा भी दान किया था। खबरों के मुताबिक, मंत्री नब किशोर दास ने ‘शनि अमावस्या’ के अवसर पर पूजा करने के लिए महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के शनि शिंगणापुर मंदिर में सोने का कलश दान किया था। कथित तौर पर, ओडिया भक्त द्वारा दान किया गया सोने का घड़ा 700 ग्राम सोने और 5 किलो चांदी से बना है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई।