दुनिया

ताइवान की राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति ने तुर्किया के भूकंप पीड़ितों के लिए दी एक महीने की तनख़्वाह!

ताइवान की राष्ट्रपति के कार्यालय ने बताया है कि राष्ट्रपति त्साय इंग वोन और उप राष्ट्रपति विलियम लाय अपनी एक महीने की तनख़्वाह तुर्किया के भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए देंगे। राष्ट्रपति की तनख़्वाह की रक़म 13300 डालर है।

तुर्किया के राष्ट्रपति ने बुधवार को बताया था कि सहायता और बचाव अभियान में संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर होने वाली तबाही के लिए पूर्व तैयारी संभव नहीं है। रजब तैयब अर्दोग़ान ने कहा कि सरकार देश के सभी प्रांतों के संसाधनों को इस्तेमाल करते हुए पीड़ितों की मदद करने की कोशिश कर रही है।

पिछले साल ताइवान की राष्ट्रपति ने यूक्रेन के युद्ध पीड़ितों की मदद के लिए भी अपनी एक महीने की तनख़्वाह दान की थी।

ताइवान ने दो मिलियन डालर की मदद तुर्की को देने का एलान किया है वहीं बचाव व सहायता कार्य के लिए विशेषज्ञों की एक टीम तुर्किया भेजी है।

तुर्किया में 7.7 रेक्टर के भूकंप से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार यह संख्या 13 हज़ार के क़रीब पहुंच गई है जबकि इसी भूकंप से सीरिया में भी होने वाले जानी नुक़सान को शामिल किया जाए तो मौतों की कुल संख्या 16 हज़ार से ज़्यादा है।