देश

दिल्ली : 88 साल की बुजुर्ग शांति देवी की लूटपाट के बाद हत्या, आरोपी गिरफ़्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में 29 जनवरी को 88 साल की बुजुर्ग शांति देवी की लूटपाट के बाद हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बादल (24) के रूप में हुई है। बादल का पिता कमल हत्याकांड का साजिशकर्ता है।

कुछ माह पूर्व कमल अपने भांजे अशोक के साथ शांति देवी के घर में पुताई के लिए आया था। तब इनको पता चला कि बुजुर्ग घर में अकेली रहती हैं। इन लोगों ने योजनाकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मुख्य आरोपी कमल और उसका भांजा अशोक अभी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी बादल के पास सोने-चांदी के कुछ जेवरात के अलावा लूटी गई रकम में से साढ़े सात हजार रुपये बरामद किए हैं।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 29 जनवरी की सुबह दयालपुर इलाके में महिला की हत्या की खबर मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर में शांति देवी का शव बरामद हुआ। महिला के हाथ, पैर और मुंह बंधा हुआ था। घर का सामान भी फैला हुआ था। छानबीन के दौरान पता चला कि बदमाशों ने लूटपाट के बाद महिला की मुंह दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। लोकल पुलिस के अलावा जिले की दूसरी टीमों को भी जांच में लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पति की मौत के बाद महिला घर में अकेली रहती थीं। इनके तीन बेटे दिल्ली और फरीदाबाद में अलग-अलग स्थानों पर परिवार के साथ रहते हैं। घर से पति की यादें जुड़ी होने की वजह से शांति देवी इस मकान को छोड़कर नहीं जाना चाहती थीं।

बदमाशों ने इसका फायदा उठाया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की तो तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। उसके आधार पर पुलिस तीनों का सीसीटीवी के जरिये पीछा करते हुए रामा गार्डन, करावल नगर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने घर-घर जाकर जांच की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कमल, उसका बेटा बादल व अशोक वारदात वाले से दिन से गायब हैं। पुलिस ने उनकी सीडीआर की पड़ताल की तो तीनों की लोकेशन घटना वाले दिन

दयालपुर में उसकी मकान के पास की मिली।
बादल वैशाली मैक्स अस्पताल में हाउस कीपर की नौकरी करता था। घटना वाले दिन से वह भी अपने ड्यूटी से गायब है। पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी। एक टीम को गांव झड़ौली, अलीगढ़ अशोक के गांव भेजा गया है। लेकिन से भी अशोक गायब मिला। पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी बादल को रामा गार्डन स्थित उसके घर के पास से दबोच लिया।

17 और 22 जनवरी को वारदात को अंजाम देने का किया गया था प्रयास
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी बादल ने खुलासा किया कि उनको उम्मीद के हिसाब से बहुत ही कम माल मिला था। कुछ महीनों पूर्व कमल और अशोक जब पुताई के लिए शांति देवी के घर पहुंचे तो पता उनको यकीन हो गया कि उनके घर पर ठीक-ठाक माल मौजूद है। इन लोगों ने शांति के घर में लूट की योजना बनाई। पहले 17 और 22 जनवरी को वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया, लेकिन सुरक्षा ज्यादा होने की वजह से वह वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। 29 को बुजुर्ग के घर के पास जागरण हो रहा था। वहां चल रहे तेज संगीत का इन्होंने फायदा उठाया। तीनों चुपचाप पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी कमल और अशोक की तलाश कर रही है।