देश

देश की सत्ता पिछले 8 वर्षों के दौरान कुछ राजनेताओं और बड़े व्यापारियों के हाथों में केन्द्रित होकर रह गई है : सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के लिए देश के भीतर सामाजिक सद्भाव के बंधनों को तोड़ा जा रहा है।

सोनिया गांधी ने कहा है कि देश की सत्ता पिछले 8 वर्षों के दौरान कुछ राजनेताओं और बड़े व्यापारियों के हाथों में केन्द्रित होकर रह गई है।

सोनिया गांधी कहती हैं कि इस समय भारत में लोकतंत्र को कमज़ोर किया जा रहा है और इसी साथ देश की संस्थाओं को भी कमज़ोर किया जा रहा है।

पीटीआई के अनुसार हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित एक लेख में कांग्रेस की अध्यक्ष ने लिखा है कि विगत में स्वतंत्र रही देश की संस्थाएं अब कार्यपालिका का औज़ार बनकर रह गई हैं। वे पक्षपातपूर्ण ढंग से काम कर रही हैं। देश की सरकारी एजेन्सियां, सरकार का विरोध करने वाले हर इंसान के पीछे लग जाती हैं।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि संवैधानिक मूल्यों और सिद्धातों पर लगातार हमले किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ के लिए देश के मतदाताओं का ध्रुवीकरण किया जा रहा है। इस काम के लिए देश की सामाजिक सद्भभावना को तार-तार किया जा रहा है।

कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी का यह लेख, कांग्रेस की उस महत्वाकांक्षी यात्रा, “भारत जोड़ो” के बीच सामने आया है। कांग्रेस का कहना है कि “भारत जोड़ो यात्रा” से उसका उद्देश्य, भारत में फैल रहे विभाजन का मुक़ाबला करना और पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।