उत्तर प्रदेश राज्य

निगोही : सत्ता के नशे में चूर प्रधानपति ने अपने साथी के साथ मिलकर ब्लाक के कंप्यूटर आपरेटर पर चाकू से हमला किया : योगेश वाजपेई की रिपोर्ट

Yogesh Bajpai
=============
·
सत्ताधारी प्रधानपति ने कंप्यूटर आपरेटर पर किया जानलेवा हमला
अधिकारियों के बिना हस्ताक्षर के मनरेगा की फाइल फीड करने से इंकार कर दिया वारदात को अंजाम
कंप्यूटर आपरेटर ने प्रधानपति और एक अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर।

निगोही। सत्ता के नशे में चूर प्रधानपति ने अपने साथी के साथ मिलकर ब्लाक के कंप्यूटर आपरेटर पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद कर्मचारियों ने कार्यालय में ताले डालकर हड़ताल शुरू कर दी। सभी उच्च अधिकारियों से मिलने विकास भवन रवाना हो गए।


सिंधौली थाना क्षेत्र के ग्राम वाई कुआं निवासी शमीम खां ब्लाक खंड निगोही में मनरेगा योजना अंतर्गत कंप्यूटर आपरेटर है। शमीम ने बताया कि 5 सितंबर को उसके पास एक लड़का अर्जुनपुर ग्राम पंचायत की मनरेगा की फाइल लेकर आया था। उसमे किसी अधिकारी के हस्ताक्षर ने होने के कारण उसे फीडिंग करने से इंकार दिया। उसी शाम को शमीम के मोबाइल पर अर्जुनपुर के ग्राम प्रधान पति राजा सिंह पुत्र सुरेश पाल सिंह का फोन आया तो उन्होंने फाइल फीड न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। शमीम ने बताया सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे वह अपना काम कर रहा था उसी वक्त ग्राम प्रधान पति राजा सिंह अपने एक अज्ञात साथी के साथ कार्यालय पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। उसने विरोध किया तो उन लोगो ने गमछे से उसका गला घोटने का प्रयास किया। आरोप है कि जैसे तैसे शमीम ने खुद को छुड़वाया तो राजा सिंह ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसका हाथ कट गया और खून बहने लगा। शोर शराबा सुनकर जब अन्य कर्मचारी आने लगे तो वह लोग फरार हो गए। शमीम ने थाने जाकर राजा सिंह और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ तहरीर दी। घटना के विरोध में सभी कर्मचारियों ने ब्लाक कार्यालय में ताला डाल दिया। कर्मचारी प्रधानपति के खिलाफ कार्यवाही के लिए उच्च अफसरों से मिलने शाहजहांपुर चले गए।


ब्लाक कार्यालय के कंप्यूटर आपरेटर ने तहरीर दी है। घायल कंप्यूटर आपरेटर को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है। रावेंद्र सिंह सोलंकी (थानाध्यक्ष, निगोही)