दुनिया

पाकिस्तान : नमाज़ अदा कर रहे पूर्व मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद नूर मुस्कानज़ई की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान में बलूचिस्तान उच्च न्यायालय और संघीय शरीयत न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद नूर मुस्कानज़ई की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

शुक्रवार रात उनके गृह नगर ख़ारन में अज्ञात बंदूकधारियों ने उन्हें उस वक़्त गोली मार दी जब वे मस्जिद में नमाज़ अदा कर रहे थे।

फ़ायरिंग में गंभीर रूप से घायल होने के बाद, उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल क़ुद्दूस बिजेंजो ने हमले की निंदा की है और कहा है कि पूर्व न्यायाधीश को चरमपंथियों ने निशाना बनाया है।

डीआईजी पुलिस रुख़शान डिवीज़न नज़ीर अहमद कुर्द का कहना है कि मुस्कानज़ई मस्जिद में नमाज़ अदा कर रहे थे, तभी अज्ञात हथियारबंद लोगों ने मस्जिद की खिड़की से उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं।

उन्होंने कहा कि जब उन पर हमला हुआ तो मस्जिद में नमाज़ियों की संख्या कम थी। इस हमले में दो लोग घायल हुए हैं।