देश

बाइडन ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दी बधाई, कहा ”अमेरिका महात्मा गांधी के दिखाये रास्ते पर चल रहा है”

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत की स्वतंत्रता दिवस पर बधाई की और कहा कि वैश्विक चुनौतियों का सामना हम मिलकर करेंगे।

उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका को एक अधिक समावेशी और मजबूत राष्ट्र बनाया है और आने वाले सालों में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि वह भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में उसके लोगों के साथ हैं और दोनों देश अपरिहार्य साझेदार हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के लोगों के साथ महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के दिखाए मार्ग पर चल रहा है। अमेरिका, भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सम्मान में उसके लोगों के साथ है।

उन्होंने आगे कहा कि इस साल भारत और अमेरिका भी राजनयिक रिश्तों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। भारत-अमेरिका को अपरिहार्य साझेदार बताते हुए बाइडन ने आगे कहा कि उनकी रणनीतिक साझेदारी कानून के शासन के प्रति साझा प्रतिबद्धता और मानव स्वतंत्रता और गरिमा को बढ़ावा देने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हमारी साझेदारी हमारे लोगों के बीच गहरे बंधन से और मजबूत हुई है। संयुक्त राज्य अमेरिका में जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने हमें एक अधिक नवीन, समावेशी और मजबूत राष्ट्र बनाया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सालों में दोनों लोकतांत्रिक देश नियम आधारित व्यवस्था की रक्षा करने, वृहद शांति, समृद्धि और सुरक्षा मजबूत करने, मुक्त एवं खुला हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने के लिए एकजुट रहेंगे तथा दुनिया के सामने आ रही चुनौतियां से निपटते रहेंगे।

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने भी एक अलग बयान में भारत के लोगों को आजादी की 76वीं वर्षगांठ की बधाई दी। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने भी 76वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं और 75 साल के राजनयिक संबंधों को सार्थक बताया।

साथ ही कहा कि हमारी रणनीतिक साझेदारी जलवायु से लेकर व्यापार तक जीवंत है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि, दो महान लोकतंत्रों के रूप में हमारी साझेदारी हमारे लोगों की सुरक्षा और समृद्धि और वैश्विक भलाई में योगदान देना जारी रखेगी।