विशेष

ब्राह्म पूर्ण पर्व – कैसे, कब भूले!….By-R. S. Gupta

R. S. Gupta
=================
ब्राह्म पूर्ण पर्व – कैसे, कब भूले!
🪔🌺🪔
कार्तिक पूर्णिमा! काती पूनम! कृतिकाओं की जगमग जैसी निशा वाला पर्व! लोकांचल के लिए सबसे सुखद पर्व इस अर्थ में रहा कि कृतिकाओं से जगर – मगर आसमान की तरह जल राशि को भी जगमग किया जाए और इसलिए सरोवरों, पुष्करियों, ह्रद – चश्मों में आटे के दीयों को वंश निर्मित झांजों पर जमाकर प्रज्जवलित किया जाता और बहाया जाता। अब भी इसके कुछ प्रमाण बचे हैं और वहां के प्रमाण ज्यादा हैं जहां इस पर्व को विदेश गमन का अवसर नहीं बताया जाता बल्कि सरोवरों के जल को सृष्टिकर्ता के आसन पद्म का विकासक माना जाता है।

कृतिका से नक्षत्र गणना करने से बहुत पहले क्या था? इस दिवस को पूर्ण चंद्रमा का पर्व मानकर तथा ज्ञानाध्‍ययन और ज्ञान के प्रसार के लिए उपयोगी मानकर आदि ज्ञानापदेशक के रूप में ब्रह्मा की आराधना की जाती थी। नदियों, सरोवरों के तट पर दीपदान कर ज्ञानराशि के दीप्तिमय रहने की कामना की जाती थी। जल को भी आलोकित करने का आत्मिक सुख बटोरा जाता था। हमारे यहां ज्ञान के प्रवर्तक के रूप में ब्रह्मा का प्रथमत: स्‍मरण किया जाता रहा है। प्रत्‍येक विद्या, प्रत्‍येक कला, प्रत्‍येक ज्ञान-विज्ञान और प्रत्‍येक नीति के प्रवर्तक के रूप में ब्रह्मा का ही स्‍मरण किया जाता रहा है। वे ही प्रथम मुनि स्‍वीकारे गए –

प्रथम मुनि कथितमवितथमलोक्‍य ग्रंथविस्‍तरस्‍यार्थम्।
यह भी कहा गया है कि ब्रह्मा ने ही प्रत्‍येक ज्ञानानुशासन का बहुत विस्‍तार से प्रतिपादन किया। क्या आप जानते हैं कि पुराने ग्रंथों का एक लक्षण यह है कि ग्रंथ कार सबसे पहले ब्रह्मा का स्मरण करता है। नाट्यशास्त्र को देखिए! पुराणों के संदर्भ देखिए : प्रथम ब्राह्मणा स्मृत। बाद में अन्य मत फले तो शिव – पार्वती संवाद, नारायण – नारद संवाद… और? प्राचीन ग्रंथों में ” तथा च ब्रह्मा प्रोक्त” जैसे कई संदर्भ मिल जाते हैं। ग्रंथकारों ने भी अपनी परंपरा को ब्रह्मा से ही आरंभ किया है-

आब्रह्मादि विनि:सृतमालोक्‍य
ग्रंथ विस्‍तारं क्रमश। (बृहत्‍संहिता प्रथम अध्‍याय)
ऐसा सुश्रुत ने भी कहा है। अनेक बार कहा है। ब्रह्मा को ही लिपि का प्रवर्तक भी माना गया। इसी कारण वह लिपि ब्राह्मी कही गई। इसका एक कारण ये भी था कि सृष्टिक्रम ब्रह्मा की देन है, ऐसे में वह लिपि भी सृष्टिक्रम से ही चलती है – स्‍वयं स्‍वयंभुवा सृष्‍टं चक्षुर्भूतं लिप्‍यादिनाम