देश

भारत के नक्शे को ईडी अलग तरीक़े से देखता है, वे केवल विपक्षी पार्टियों द्वारा शासित राज्यों को देखते हैं : कपिल सिब्बल

भारत की राज्यसभा के सदस्य कपिल सिब्बल ने भारतीय जनता पार्टी भाजपा नीत सरकार पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार कपिल सिब्बल ने बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी संपत्तियों पर छापेमारी की कार्रवाई का संदर्भ देते हुए कहा कि यह सब बिहार की सत्ता गंवाने पर भाजपा की प्रतिक्रिया है।

कपिल सिब्बल ने कहा कि आप देख सकते हैं कि बिहार में क्या हो रहा है? उन्हें, राजद नेता व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जनता दल यूनाइटेड के एकसाथ आने की पीड़ा महसूस हो रही है। कपिल सिब्बल के अनुसार लालू जी के मुख्यमंत्री पद छोड़े सालों हो गए हैं। उन्हें अब अचानक ये मामले क्यों याद आ रहे हैं।

कपिल सिब्बल ने तंज कसते हुए कहा कि भारत के नक्शे को ईडी, या प्रवर्तन निदेशालय अलग तरीके से देखता है। वे केवल विपक्षी पार्टियों द्वारा शासित राज्यों को देखते हैं। वे भाजपा शासित राज्यों को नहीं देखते हैं।कपिल सिब्बल ने भाजपा पर विधायकों की खरीद करके राज्यों में विपक्षी पार्टियों की सरकारों को अस्थिर करने का भी आरोप लगाते हुए सख्त दलबदल कानून लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह किस तरह की राजनीति है? बागी मंत्री बन गए हैं। जो अपनी पार्टी छोड़ते हैं उनपर मंत्री बनने या पांच साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगनी चाहिए।

भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रख्यात वकील सिब्बल ने अपने नए मंच ‘इंसाफ’ के साथ देश के लिए एजेंडा और नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुलाई गई सभा को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।