देश

भारत जोड़ो यात्रा में अब भाई राहुल गांधी को मिलेगा बहन प्रियंका गांधी का साथ

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को आरंभ हुए लगभग दो सप्ताह बीत रहे हैं। तमिलनाडु से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों केरल के अलग-अलग ज़िलों से होकर गुज़र रही है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रियंका गांधी के यात्रा में शामिल होने के संकेत दिए हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। केरल के अलाप्पुझा ज़िले में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने अभी तक 275 किमी पूरा का सफर पूरा कर लिया है। आज तक हमारी यात्रा 285 किलोमीटर पूरा कर लेगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका गांधी जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। वह केरल में ही यात्रा का हिस्सा बनेंगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के बारे में पूछे जाने पर जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। जयराम रमेश ने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए किसी को भी नामांकन दाखिल करने के लिए राहुल या सोनिया गांधी से अनुमति लेने की ज़रूरत नहीं है और कोई भी कांग्रेसी कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है।

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। 3 हज़ार 570 किलोमीटर लंबी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का समापन श्रीनगर में होगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है, जो देश के 12 राज्यों से होकर गुज़रेगी। इस समय तक इस यात्रा को भारत की जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी के साथ हर दिन आम लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इससे कांग्रेस का मनोबल भी बढ़ रहा है। वहीं सरकार समर्थक मीडिया लगातार इस यात्रा के ख़िलाफ़ कोई न कोई ख़बर चला रही हैं, जिससे बीजेपी समेत एक ख़ास वर्ग इस यात्रा का विरोध भी कर रहा है।