देश

महाराष्ट्र : एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री देंवेंद्र फ़डणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली

शिवसेना के बाग़ी नेता एकनाथ शिंदे ने गरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली।

लगभग दस दिनों से जारी सियासी खींचतान के बाद गुरुवार की शाम को हुए एक संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

उनके साथ भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देंवेंद्र फडणवीस ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शाम साढ़े सात बजे के बाद दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई।

शिंदे ने इस दौरान दिवंगत शिवसेना नेताओं, बाल ठाकरे और आनंद दिघे को श्रद्धांजलि दी। उनकी शपथ पूरी होते ही उनके समर्थकों ने ठाकरे और दिघे की प्रशंसा में नारे लगाए।

शिंदे ने समारोह के बाद कहा कि राज्य का विकास मेरी प्राथमिकता है, मैं समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलूंगा।

इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने एक प्रेस कांफ्रेंस में स्वयं घोषणा की थी कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद फडणवीस ने राजभवन में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि शिंदे अकेले ही गुरुवार को शाम साढ़े सात बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा।

कुछ ही देर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऐलान किया कि फडणवीस, राज्य के भावी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंदे को बधाई देते हुए ट्वीट किया है कि शिंदे का समृद्ध राजनीतिक, प्रशासनिक और विधायी अनुभव रहा है, मुझे विश्वास है कि वे महाराष्ट्र को और ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।