उत्तर प्रदेश राज्य

मुख्यमंत्री विवाह योजना में फेरे लेने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फ़रार हो गई!

हरदोई। मुख्यमंत्री विवाह योजना में फेरे लेने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। जिसके बाद से उसका पति काफी परेशान है और वह पुलिस थाने के चक्कर लगा रहा है। युवक ने पुलिस से पत्नी को घर भिजवाए जाने की मांग की है। युवती शादी करने के तुरंत बाद ही अपने पिता के साथ घर चली गई थी। पिता ने दामाद को आश्वासन दिया था कि धूमधाम से 15 फरवरी को शादी करेंगे। इससे पहले ही युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। युवक ने शादी में करीब अपने पास से 40 हजार खर्च होना बताया है। फिलहाल तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के इनायतपुर निवासी संदीप ने अरवल के चांदा महम्मदपुर निवासी सुनीता से मुख्यमंत्री विवाह योजना के अंतर्गत शादी की थी। यह कार्यक्रम 2 दिसंबर को सवायजपुर के खेल मैदान पांडेपुर में आयोजित हुआ था। जिसमें विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों के सामने दोनों ने फेरे लिए थे। इसके साथ ही उनको 51 हजार रुपए सामान समेत मिले थे। इस कार्यक्रम में लड़का और लड़की पक्ष के परिजनों में खुशी की लहर थी और वह इनके विवाह में शामिल हुए थे।

विवाह के तुरंत बाद ही युवती के पिता मलखान उसको अपने घर ले गए थे। इस दौरान संदीप ने कहा कि शादी हो गई है अब हम अपने घर ले जाएंगे। जिस पर उसके ससुर मलखान ने 15 फरवरी को हिंदू रीति रिवाज से शादी करने का आश्वासन देकर घर ले गया। जिसके बाद वह इंतजार करता रहा लेकिन सुनीता अपनी बड़ी बहन के देवर के साथ रफूचक्कर हो गई। अब उसका पति संदीप पुलिस के चक्कर लगा रहा है और मुख्यमंत्री विवाह योजना के अंतर्गत शादी होने की दुहाई दे रहा है। बावजूद इसके उसे अभी तक कुछ हाथ नहीं लगा है और सुनीता अपने प्रेमी धर्मवीर के साथ फरार हो गई है। फिलहाल पुलिस तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी है।