दुनिया

यूक्रेन के सभी लोगों को रूस की नागरिकता दी जायेगी : व्लादिमीर पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन के समस्त लोगों को रूस की नागरिकता दी जायेगी। उन्होंने इसके लिए त्वरित प्रक्रिया का विस्तार करते हुए एक आदेश पर हस्ताक्षर कर दिया।

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक इसमें सभी यूक्रेनियन को रूसी नागरिकता के लिए फास्ट ट्रैक का विस्तार किया गया। कुछ समय पहले तक केवल यूक्रेन के हाल तक यूक्रेन के दोनेत्सक, लुहांस्क क्षेत्र के साथ दक्षिणी जापोरिजिया और खेरसान क्षेत्र के लोगों के लिए ही नागरिकता की प्रक्रिया सरल थी। इन इलाकों के बड़े हिस्से पर रूस का नियंत्रण है।

रूसी राष्ट्रपति की इस घोषणा पर यूक्रेन के अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2019 में नागरिकता देने की प्रक्रिया सबसे पहले दोनेत्सक और लुहांस्क के ही लोगों के लिए शुरू की गई थी और इस साल विद्रोहियों के कब्जे वाले दोनों क्षेत्रों की करीब 18 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को रूसी पासपोर्ट दिए गए थे।

इतना ही नहीं यूक्रेन पर हमले के तीन महीने बाद ही जापोरिजिया और खेरसान के लोगों के लिए भी यह प्रक्रिया शुरु की गई थी। इन इलाकों में करीब एक महीने पहले लोगों को रूसी पासपोर्ट दिए गए।

जानकार हल्कों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति का ताज़ा प्रस्ताव यूक्रेन के रूस में विलय की भूमिका हो सकती है। हालांकि यूक्रेन का रूस में विलय इतना आसान व सरल नहीं है परंतु असंभव भी नहीं है। जानकार हल्के उदाहरण के तौर पर क्रिमिया को पेश करते हैं और उनका मानना है कि जिस तरह क्रीमिया रूस से अलग होकर फिर उस का भाग बना गया है उसी तरह धीरे- धीरे पूरा यूक्रेन रूस का भाग बन सकता है।

नोटः ये व्यक्तिगत विचार हैं। तीसरी जंग हिंदी का इनसे सहमत होना ज़रूरी नहीं है।