देश

राहुल गांधी भारत की एकता के लिए बेहद ख़तरनाक़ हो गए हैं : क़ानून मंत्री किरण रिजिजू

राहुल गांधी इन बीते दिनों लंदन के दौरे पर थे, जहां उन्होंने अलग-अलग संस्थाओं सहित कई संगठनों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने लगातार बीजेपी और आरएसएस पर हमले किए। इन हमलों से परेशान बीजेपी राहुल गांधी पर देश को बदनाम करने का आरोप लगा रही है। अब इस मामले में कानून मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी भारत की एकता के लिए बेहद खतरनाक हो गए हैं और अब वह लोगों को भारत को विभाजित करने के लिए उकसा रहे हैं”।

राहुल की आलोचना करते हुए रिजिजू केवल यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ‘स्वघोषित’ शहजादे ने सारी हदें पार कर दी हैं, ‘भारत के लोग तो जानते हैं कि राहुल गांधी पप्पू हैं लेकिन विदेशियों को नहीं पता कि वह ‘पप्पू’ हैं। उनके मूर्खतापूर्ण बयानों पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है, लेकिन समस्या यह है कि भारत विरोधी ताकतों द्वारा भारत की छवि को धूमिल करने के लिए उनके भारत विरोधी बयानों का दुरुपयोग किया जाता है।

बीते दिनों राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित किया था, अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते करते हुए कहा था कि उन्होंने भारत की विविधता को नष्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।