देश

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया, रूसी बाजार में खुलेंगे भारतीय स्टोर्स

 

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया है कि रूस और भारत रूस में भारतीय सुपरमार्केट चेन खोलने को लेकर बातचीत कर रहे हैं हालांकि उन्होंने यह नहीं साफ किया कि किन भारतीय स्टोर्स की चेन रूस में खुलेंगी।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने बताया है कि इसके साथ ही रूसी बाजार में चीनी कारों और उपकरणों की हिस्सेदारी बढ़ाने को लेकर भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि ब्रिक्स देशों में रूस की उपस्थिति बढ़ रही है। चीन और भारत को रूसी तेल के निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि साल के पहले तीन महीने में रूस और ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार में 38 फीसद की बढ़त हुई है और यह 45 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। रूस ने हाल के दिनों में रिकॉर्ड तेल की सप्लाई की है।

रूसी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि हमने बार-बार कहा है कि हम एक साथ मिलकर संघर्ष समाधान, आतंकवाद का मुकाबला, संगठित अपराध, नई तकनीकों के साथ अपराध, जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने और खतरनाक संक्रमणों के प्रसार जैसी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।