देश

रूस ने फिर किया सुरक्षा परिषद में भारत की स्थाई सदस्यता का समर्थन

रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत आर्थिक विकास के मामले में अग्रणी देशों में से एक है। जल्द ही भारत दुनिया में सबसे बड़ी आबादी वाले देश होगा। विभिन्न समस्याओं को सुलझाने में भारत के पास व्यापक कूटनीतिक अनुभव है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, रूस ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के लिए स्थाई सीट का समर्थन किया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि जापान और जर्मनी के साथ भारत और ब्राज़ील संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्य के रूप में शामिल होने के लिए अपने प्रयास को आगे बढ़ा रहे हैं, जो क्षेत्रीय विविधता के लिए एक अच्छा संकेत है। उन्होंने आगे कहा कि हम देखेंगे कि भारत और ब्राज़ील वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने रुख को जानते हुए यूएनएससी में क्या अतिरिक्त क़दम उठा सकते हैं। रूसी विदेश मंत्री लावरोफ़ ने कहा कि भारत आर्थिक विकास के मामले में अग्रणी देशों में से एक है। जल्द ही भारत दुनिया में सबसे बड़ी आबादी वाले देश होगा। नई दिल्ली के पास विभिन्न समस्याओं को सुलझाने में व्यापक कूटनीतिक अनुभव है। साथ ही अपने क्षेत्र में अधिकार और प्रतिष्ठा भी है।

लावरोफ़ ने मॉस्को में एक इंटरनेशनल फोरम में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए यह टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि भारत शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का प्रमुख सदस्य है और यह संयुक्त राष्ट्र में सक्रिय भूमिका निभाता है। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जो आगे बढ़ने की आकांक्षा रखता है। ग़ौरतलब है कि सर्गेई लावरोफ़ ने इसी साल सितंबर में 77वें संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर यूएनएससी में अफ़्रीक़ा, एशिया और लैटिन अमेरिका के देशों को शामिल किया जाता है तो यह अधिक लोकतांत्रिक होगी। उनका कहना था कि भारत और ब्राज़ील वैश्विक स्तर पर प्रमुख भूमिका निभाते हैं और इन्हें परिषद में स्थाई सदस्य के रूप में शामिल करने पर विचार किया जाना चाहिए।