दुनिया

रूस से पाकिस्तान के लिए गैस पाइप लाइन को व्यवहारिक बनाने के लिए अफ़ग़ानिस्तान संकट का समाधान ज़रूरी है : पुतीन

रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन ने अफ़ग़ानिस्तान संकट के समाधान पर बल दिया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के साथ भेंटवार्ता में रूस के राष्ट्रपति पुतीन ने कहा कि रूस से पाकिस्तान के लिए गैस पाइप लाइन को व्यवहारिक बनाने के लिए अफ़ग़ानिस्तान संकट का समाधान ज़रूरी है।

पुतीन ने कहा कि कुछ एसे मुद्दे हैं जिनपर काम किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि रेलवे लाइन और ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में काम किया जा सकता है। पुतीन के अनुसार इसके अतिरिक्त पाकिस्तान के लिए गैस पाइप लाइन की परियोजना पर भी काम हो सकता है।

रूसी राष्ट्रपति कहते हैं कि हमारे लिए यह काम संभव है किंतु इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान की समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अफ़ग़ानिस्तान में राजनैतिक अस्थिरता जैसी मुश्किल मौजूद है जिसको हल किया जा सकता है। अफ़ग़ानिस्तान की जनता के साथ हमारे अच्छे संबन्ध हैं।

इसी बीच अफ़ग़ानिस्तान के मामलों में अमरीका के विशेष दूत थोमस वैस्ट ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा है कि हम तालिबान के साथ बातचीत का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि इस देश के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हम तालिबान के साथ सहयोग को अब बहुत ज़रूरी समझते हैं।

ज्ञात रहे कि अमरीका के मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रूस और चीन, तालिबान को लेकर इस समय नर्म रवैया अपना रहे हैं। उनके इस नर्म व्यवहार के ही कारण तालिबान भी इन देशों को कई बार अफ़ग़ानिस्तान में पूंजी निवेश की दावत दे चुके हैं। इस बात को लेकर अब वाशिंगटन की चिंता बढ़ गई है।

अमरीका को अब डर लग रहा है कि कहीं तालिबान से उसकी दूरी, चीन तथा रूस के लिए अफ़ग़ानिस्तान में अवसर उपलब्ध न करवा दे।