देश

#हिन्दुत्वादियों के #ईसाइयों पर हमले, #चर्च में तोड़फोड़ मामले को लेकर ईसाई समुदाय के सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतर कर विरोध जताया!

झारखंड में हाल के दिनों में ईसाइयों पर कई कथित हमले की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में एक चर्च में तोड़फोड़ भी की गई थी। इन सब घटनाओं के विरोध में रविवार को रांची में ईसाई समुदाय के सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतर कर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘चर्चों पर हमले बंद करो’ और ‘धर्म के नाम पर बांटना बंद करो’ जैसे नारे भी लगाए।

जानकारी के मुताबिक, झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन (JCYA) के तत्वावधान में पुरुषों और महिलाओं ने रांची में जीईएल चर्च परिसर से मोराबादी मैदान तक रैली निकाली। इस दौरान विरोधियों ने तख्तियां भी पकड़ रखी थीं, जिसपर ‘चर्चों पर हमले बंद करो’ जैसे संदेश लिखे थे।

विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले महीने झारखंड के गढ़वा जिले में क्रिसमस की तैयारी के दौरान समुदाय के कुछ लोगों को निशाना बनाया गया था। प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार से राज्य में शांति सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया। इस रैली में कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की और मांडर के पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने भी हिस्सा लिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक ने कहा कि देश में कुछ ताकतें देश को धर्म के नाम पर बांटना चाहती हैं। हमारी रैली ऐसी ताकतों के खिलाफ है। वहीं, झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप तिर्की ने बताया कि रैली का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और झारखंड में ईसाइयों पर हमले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना था। हम दोनों राज्यों की सरकारों से शांति सुनिश्चित करने और समुदाय को सुरक्षा प्रदान करने की मांग करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की घटना में जांच की प्रगति बहुत धीमी है और बहुत कम दोषियों को गिरफ्तार किया गया है।

गौरतलब है कि दो जनवरी को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर शहर में एक कथित धर्म परिवर्तन के संबंध में आदिवासियों के विरोध के दौरान एक चर्च में तोड़फोड़ की गई थी। इस दौरान एक आईपीएस अधिकारी सहित छह पुलिसकर्मियों पर हमला करके घायल कर दिया गया था। इस संबंध में जांच की जा रही है।