कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रचार अभियान की सोमवार को जबलपुर में एक रैली से शुरुआत की और शिवराज सिंह चौहान सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और नौकरियां उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘ पिछले तीन वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा राज्य में केवल 21 सरकारी नौकरियां प्रदान की गयी. जब यह आंकड़ा मेरे संज्ञान में लाया गया, तो मैंने अपने कार्यालय से तीन बार इसकी जांच करने को कहा और पाया कि यह एक तथ्य है.” प्रियंका ने 28 मई को उज्जैन के महाकाल लोक कॉरिडोर में तेज हवा से छह मूर्तियों को नुकसान होने संबंधी घटना का हवाला देते हुए कहा कि चौहान सरकार ने तो देवताओं को भी नहीं बख्शा.
नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत जबलपुर से की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के यहां पहुंचने के बाद मध्य प्रदेश की जीवन रेखा मानी जाने वाली नर्मदा नदी की पूजा अर्चना की। जबलपुर को मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी माना जाता है। प्रियंका की यात्रा के लिए शहर में कई जगह बजरंगबली के कट आउट लगाए गए थे। आरती के दौरान बजरंगबली बना एक शख्स भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। मध्य प्रदेश में जिस तरीके से प्रचार अभियान की शुरुआत हुई उससे तय हो गया है कि बीजेपी की पिच पर ही कांग्रेस लड़ने को तैयार दिख रही है। बीजेपी वहीं इस आरती के बाद ढोंग और आस्था का फर्क समझा रही है। चुनावी हिंदू वाली बात कह रही है। हालांकि बीजेपी पहले भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर इस तरह के सवाल उठाती रही है। कर्नाटक चुनाव के दौरान भी प्रियंका गांधी कुछ इसी तरह से चुनावी प्रचार की शुरुआत की। इन सबके बीच आखिर प्रियंका गांधी के पूजा अर्चना पर सवाल क्यों?
शारदा देवी की पूजा, कर्नाटक नतीजे वाले दिन हनुमान मंदिर पहुंचीं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में हुए कर्नाटक चुनाव में चुनावी सभा से पहले श्रृंगेरी शारदा पीठ में दर्शन किए थे। चुनावी सभा से पहले प्रियंका गांधी ने श्रृंगेरी शारदा पीठ में दर्शन किए और कहा कि मैं शारदा देवी की पूजा करके आ रही हूं। वहां मैं शंकराचार्य से मिली। इसके बाद परंपरा के अनुसार गजराज को भोजन कराया। जिस दिन कर्नाटक चुनाव के नतीजे सामने आ रहे उस दिन काउंटिंग के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बजरंग बली की शरण में नजर आईं। हिमाचल प्रदेश के शिमला में उन्होंने हनुमान मंदिर में माथा टेका। कर्नाटक चुनाव के दौरान बजरंगबली के लेकर काफी विवाद था। कर्नाटक में कांग्रेस को शानदार जीत मिली।