Uncategorized

28 बच्चों को बंधक बनाने वाले दो बाबा गिरफ्तार

arrest-generic

मुंबई। मुंबई पुलिस ने दो तथाकथित बाबाओं को 28 बच्चों को बंधक बनाने और उनका उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मुंबई पश्चिम के कांदीवली इलाके के एक बंगले में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लड़कों को रखा गया था।

मुंबई की डीसीपी किरण चवन ने शनिवार को बताया कि दो स्वयंभू महाराज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इन दोनों ने कांदीवली के सामंतनगर की एक इमारत में 28 बच्चों को अवैध रूप से रखा था। बंगला ठाकुर गांव में पड़ता है और इसे चारों ओर से हरे रंग के कपड़े से ढंका गया है। इन लड़कों को मुंबई तीन महीने पहले बहला-फुसलाकर लाया गया था। और फिर उनकी इच्छा के विरुद्ध इन्हें बंधक रखा गया।

मुंबई पुलिस के अनुसार इन बच्चों से मंत्र पढ़वाए जाते थे और उन्हें बुरी तरह से पीटा जाता था। इनमें से कुछ लड़कों को 16 से 20 घंटे एक पैर पर खड़े रहने को मजबूर किया जाता था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित बच्चे ने अपने मां-बाप को फोन करके अपनी पूरी परेशानी बताई।

इन सभी बंधक बच्चों को विगत शुक्रवार को ही छुड़वा लिया गया था। दोनों बाबाओं के खिलाफ बाल श्रम कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन पर धोखाधड़ी की धारा 420, खरीदकर गुलाम बनाने की धारा 370, हमले की धाराएं 323 और 324 भी लगाई गई हैं।