दुनिया

Breaking : रूस ने यूक्रेन के साथ एक पक्षीय संघर्ष विराम आज से लागू किया

रूस ने यूक्रेन के साथ एकपक्षीय संघर्ष विराम आज से आरंभ कर दिया है।

रूसी टेलिविज़न ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन ने जिस संघर्ष विराम की घोषणा की थी वह आज शुक्रवार से स्थानीय समय के अनुसार दोपहर से युद्ध के मोर्चों पर लागू हो गया है।

रुस के राष्ट्रपति ने कहा था कि 6 जनवरी 2023 को दोपहर 12 बजे से सात जनवरी 12 बजे तक यूक्रेन के साथ युद्ध विराम रहेगा। क्रेमलिन ने यूक्रेन से मांग की है कि वह युद्ध विराम का सम्मान करे। यूक्रेन ने रूस के इस युद्ध विराम को मक्कारी की संज्ञा दी है।

इसी बीच रुस की ओर से किये गए संघर्ष विराम पर राष्ट्रसंघ ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राष्ट्रसंघ के घोषणापत्र के अन्तर्गत युद्ध रोकने के जिन प्रयासों को किया जाएगा हम उसका स्वागत करते हैं।

यह युद्ध विराम ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस के अवसर पर किया गया है। पुतीन ने कहा है कि ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस की पूर्व संध्या और क्रिसमस के दिन रूसी सेना यूक्रेन में हमले नहीं करेगी। ऐसे में 6 और 7 जनवरी को रूस और यूक्रेन के बीच हो रहे युद्ध में काफ़ी अहम दिन माना जा रहा है।

रूसी ऑर्थोडॉक्स ईसाई यूरोप के बाक़ी कैथोलिक ईसाइयों की तरह 25 दिसंबर को ईसा मसीह का जन्मदिन क्रिसमस नहीं मनाते हैं। इस युद्ध विराम की पैरवी रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख पैट्रिआर्क किरिल ने की थी। उन्होंने यूक्रेन युद्ध में शामिल सभी पक्षों से क्रिसमस पर शांति बनाए रखने की अपील की थी, ताकि ऑर्थोडॉक्स ईसाई, क्रिसमस की पूर्व संध्या और ईसा मसीह के जन्म के दिन प्राथर्थनाओं में भाग ले सकें। विलादिमीर पुतीन के इस आदेश को रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने जारी किया था।