देश

दिल्ली BJP प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिया इस्तीफा

#DelhiMCDElection में हार के बाद दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिया इस्तीफा.

MCD Election 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव में बीजेपी की हार के बाद BJP के प्रदेश आदेश गुप्ता (Adesh Gupta) ने पद से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के मुताबिक आदेश गुप्ता ने रविवार (11 दिसंबर) को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) को इस्तीफा सौंप दिया है। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद वर्तमान में दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) को अगली व्यवस्था तक कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। पार्टी अध्यक्ष पद से रिजाइन देने के बाद आदेश गुप्ता ने कहा, “निगम चुनाव में पार्टी अध्यक्ष को परिणाम नहीं मिला, जो हार गई इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैंने दिल्ली प्रदेश के पद से इस्तीफा दे दिया है।”

MCD चुनाव में 104 सीटें ही जीत पाई थी BJP: 7 दिसंबर 2022 को आए एमसीडी चुनाव के नतीजों में एकीकृत नगर निगम के 250 वार्डों में से भाजपा 104 सीटें ही जीत पाई थी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने 134 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने 9 और अन्य उम्मीदवारों ने 3 वार्डों में जीत हासिल की थी।

एमसीडी चुनाव में भाजपा आदेश गुप्ता के इलाके में भी सीटें नहीं निकाल पाई थी। इसके बाद से दिल्ली भाजपा पर सवाल उठ रहे थे। इस पर आदेश गुप्ता ने कहा था कि इलाके तो सांसदों और विधायकों के होते हैं। आदेश गुप्ता एमसीडी के वार्ड नंबर 141 के राजेंद्र नगर में रहते हैं। यहां से आम आदमी पार्टी (AAP) की आरती चावला ने जीत दर्ज की है।

एमसीडी का मेयर AAP से बनेगा: दो साल के कार्यकाल के बाद आदेश गुप्ता ने दिल्ली MCD चुनाव में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि एमसीडी का मेयर आम आदमी पार्टी से बनेगा और बीजेपी सदन में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा था कि आप अगर एमसीडी में भ्रष्टाचार करेगी तो बीजेपी पार्षद इसका विरोध करेंगे।

एमसीडी चुनाव 2022 के परिणाम आने के बाद आदेश गुप्ता ने कहा था कि बीजेपी ने नगर निगम का चुनाव मुद्दों पर लड़ा। 15 साल बाद भी हमारी परफॉर्मेंस बेहतर रही। दिल्ली की जनता ने बीजेपी पर भी विश्वास दिखाया है। ऐसा नहीं है कि पूरा समर्थन आम आदमी पार्टी को दे दिया है।