देश

राष्ट्रींय खेलरत्न पुरस्कार का वितरण आज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शाम 4 बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2022 प्रदान करेंगी। टेबल टेनिस स्टार शरत कमल अचंता को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार विजेता आज राष्ट्रपति भवन में एक विशेष रूप से आयोजित समारोह में भारत के राष्ट्रपति से अपने पुरस्कार प्राप्त करेंगे। बता दें कि राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में उत्कृष्टता को पहचानने और पुरस्कृत करने के लिए दिए जाते हैं।

साल 2022 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह से एक दिन पहले, मंगलवार को कई पुरस्कार विजेता एथलीटों और कोचों ने यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा किया था और शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। युद्ध स्मारक का दौरा करने वाले कुछ प्रमुख एथलीटों में बॉक्सर निखत जरीन, बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, एचएस प्रणय, स्टीपलचेजर अविनाश साब्ले और शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंधा अन्य एथलीटों में शामिल थे। वर्ष 2022 के लिए, 40 से ज्यादा खेल पुरस्कार दिए जा रहे हैं, जिनमें एक मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, 25 अर्जुन पुरस्कार शामिल हैं।