देश

Maharashtra : भाजपा ने संगठन में किए बड़े फेरबदल, विपक्ष के नेता पर कांग्रेस-उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में ठनी

 

नाना पटोले ने आगे कहा, “हम बात करने और आगे बढ़ने के लिए तैयार है। अगर वे बात नहीं करना चाहते हैं तो यह उनकी (शिवसेना) चिंता है। हमने उनके साथ एक अलग स्थिति में गठबंधन किया था। यह हमारा प्राकृतिक या स्थायी गठबंधन नहीं है।”

 

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता के रूप में शिवसेना नेता अंबादास दानवे की नियुक्ति पर नाराजगी जताई। पटोले ने कहा कि शिवसेना के साथ गठबंधन ‘स्वभाविक और स्थायी’ नहीं है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि गठबंधन अलग परिस्थिति में किया गया था।

बता दें कि शिवसेना ने हाल ही में दानवे को विधान परिषद में विपक्ष के नेता के रूप में चुना है। इस कदम ने उनके सहयोगियों को नाराज कर दिया है। पटोले ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को साथ लिए बिना यह कदम उठाया गया।

कांग्रेस को मिलना चाहिए था विपक्ष के नेता का पद : पटोले
उन्होंने कहा, “विधानपरिषद में विपक्ष के नेता का पद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को दिया गया है जबकि परिषद के उपाध्यक्ष का पद शिवसेना का दिया गया है। हमारा विचार था कि यह पद कांग्रेस को मिलना चाहिए था। लेकिन हमें ध्यान में रखे बिना यह निर्णय लिया गया है। हम इस मुद्दे को उठाएंगे। पटोले ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में शिवसेना से बात करने को तैयार है।”

पटोले ने आगे कहा, “हम बात करने और आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। अगर वे बात नहीं करना चाहते हैं तो यह उनकी (शिवसेना) चिंता है। हमने उनके साथ एक अलग स्थिति में गठबंधन किया था। यह हमारा प्राकृतिक या स्थायी गठबंधन नहीं है।”

शिंदे-फडणवीस सरकार पर भी साधा निशाना
कांग्रेस के राज्य प्रमुख ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली नई सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह ‘केंद्रीय एजेंसियों और धन का उपयोग’ करके बनाई गई थी। उन्होंने दावा किया कि सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी। पटोले ने कहा कि सरकार बनने के 39 दिन बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। महाराष्ट्र में एक परंपरा है कि विभागों को तुरंत आवंटित किया जाता है। लेकिन अब उन पर फैसला होना बाकी है जो दर्शाता है मंत्रालयों के लिए लड़ाई है।

भाजपा ने किया संगठन में बड़ा फेरबदल
भाजपा ने शुक्रवार को चंद्रशेखर बावंकुले को महाराष्ट्र यूनिट का अध्यक्ष और आशीष शेलार को मुंबई यूनिट का अध्यक्ष नियुक्त किया है। ओबीसी जाति से आने वाले बावंकुले चंद्रकांत पाटिल की जगह लेंगे। पाटिल को हाल ही में कैबिनेट में जगह दी गई थी। पाटिल मराठा समुदाय के दिग्गज नेता माने जाते हैं। इसी के साथ शेलार, जो मराठा क्षेत्र से आते हैं, मंगल प्रभात लोढ़ा की जगह लेंगे। लोढ़ा भी शिंदे कैबिनेट में मंत्री बनाए गए हैं।