NIA की टीम ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के मास्टर वेपन ट्रेनर को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी निजामाबाद आतंकी साजिश मामले में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कर्नाटक में पहचान बदलकर रह रहा था। NIA के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला PFI नेताओं द्वारा रची गई एक आपराधिक साजिश से संबंधित है। उन्होंने बताया, भारत में इस्लामी राज्य स्थापित करने के लिए PFI के नेता युवाओं की भर्ती कर उन्हें कट्टरपंथी बनाते थे और हथियारों की ट्रेनिंग देते थे। इतना ही नहीं, देश में आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने में भी इन लोगों की मिलीभगत सामने आई है। गिरफ्तार किए गए 33 वर्षीय आरोपी की पहचान नौसाम मोहम्मद यूनुस के रूप में हुई है। वह अपने बड़े भाई के इन्वर्टर का कारोबार करता था। सितंबर 2022 में जब उसके घर की तलाशी ली गई तो वह अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटों के साथ फरार पाया गया। NIA की जांच से पता चला है कि नौसाम मोहम्मद यूनुस ने सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए अपने पूरे परिवार को आंध्र प्रदेश से स्थानांतरित कर दिया था। इसके बाद वह कर्नाटक चला गया और बेल्लारी जिले के काउल बाजार इलाके में छिपा हुआ था। बेल्लारी में उसने अपना नाम बशीर बताया और यहां प्लंबर बनकर काम कर रहा था।
