देश

Video:तोगड़िया ने कहा 2019 में बीजेपी का पूरे देश में गोरखपुर जैसा हाल होगा-बुरी तरह हारेगी

नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने सोमवार को देश व प्रदेश की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें मुद्दे से भटक गई हैं।

तोगड़िया ने दोनों सरकारों को चेतावनी दी कि यदि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनाया गया तो भाजपा का हश्र गोरखपुर उपचुनाव जैसा ही होगा। वह नगर के एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।

नगर के काला आम स्थित एक होटल में सोमवार को डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में डॉ. तोगड़िया ने कहा कि 2014 में हिंदुओं ने भाजपा को राम मंदिर निर्माण के लिए वोट दिया था, लेकिन केंद्र सरकार मंदिर निर्माण और गौ हत्या के खिलाफ कानून बनाने के बजाए तीन तलाक पर कानून बना रही है।

उन्होंने दोनों सरकारों को चेतावनी दी कि यदि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनाया गया तो आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का हश्र गोरखपुर उपचुनाव जैसा ही होगा। तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि सरकार मंदिर नहीं बनवाएगी तो हिंदु एकत्रित होकर मंदिर का निर्माण कराएंगे।

तोगड़िया ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि दोनों सरकारें अपने मुद्दे से भटक चुकी हैं। कार्यक्रम में पहुंचते ही विहिप कार्यकर्ताओं ने डॉ. प्रवीण तोगड़िया का फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

शहर में किया भ्रमण तो सड़क हुई जाम
कार्यक्रम के बाद डॉ. तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं के साथ शहर में भ्रमण किया। विहिप कार्यकर्ताओं के भ्रमण के दौरान शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। तोगड़िया के आने के समय भी दिल्ली रोड पर भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा।