देश

Video:भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने स्वामी अग्निवेश को जमकर पीटा,देखिए क्या आरोप लगाया

नई दिल्ली: अक्सर विवादों में रहने वाले स्वामी अग्निवेश की भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को झारखंड के पाकुड़ में पिटाई कर दी। पहाड़िया महा सम्मेलन में भाग लेने आए स्वामी अग्निवेश के साथ पाकुड़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं व विद्यार्थी परिषद ने मारपीट की।

कार्यकर्ता स्वामी के पाकुड़ दौरे का विरोध कर रहे थे। इस दौरान काला झंडा दिखाने के दौरान मारपीट हो गई। मारपीट में स्वामी के कपड़े फट गए। स्वामी ने गोमांस पर बयान दिया था कि ‘गोमांस खाना चाहिए।’ इससे आक्रोशित हो भाजयुमो व अभाविप ने हमला कर दिया।

बड़ी संख्या में जुटे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर निकलते ही स्वामी अग्निवेश पर हमला बोल जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने स्वामी वापस जाओ के नारे भी लगाए।

मारपीट करने के बाद होटल मुस्कान के सामने मुख्य सड़क पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ये ईसाई मिशनरी के इशारे पर आदिवासियों को भड़काने आए हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्वामी ईसाई मिशनरी व पाकिस्तान के इशारे पर काम कर रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले मई, 2011 में गुजरात के अहमदाबाद में एक जनसभा के दौरान स्वामी अग्निवेश के साथ एक संत ने अभद्रता की। जनसभा के दौरान संत ने स्वामी अग्निवेश को थप्पड़ मारा। संत की पहचान महंत नित्यानंद दास के रूप में हुई थी।

अमरनाथ में शिवलिंग के बारे में अग्निवेश द्वारा हाल ही में दिए गए बयान से संत नाराज था। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था। संत अमरनाथ शिवलिंग के बारे में अग्निवेश द्वारा दिए गए बयान से नाराज था।

अग्निवेश ने कहा था कि अमरनाथ शिवलिंग का निर्माण कृत्रिम बर्फ से किया गया है। इसके बाद संत ने अग्निवेश पर जूता चलाने वाले को 51,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की थी। नित्यानंद नादिआद के पास एक मंदिर में महंत है। अग्निवेश सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ एक जनसभा में भाग लेने के लिए यहां आए थे। इस सभा में नित्यानंद भी पहुंचा था।