Uncategorized

राज्य सभा की 27 सीटों के लिए वोटिंग जारी

Parliament

नई दिल्ली । देशभर में राज्यसभा की 27 सीटों के लिए मतादान जारी है। उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में चार, झारखंड में दो, मध्य प्रदेश में तीन, कर्नाटक में चार, हरियाणा में दो और उत्तराखंड में एक सीट के लिए मतदान हो रहा है। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

राज्यसभा की रिक्त 57 सीटों में से 30 पर निर्विरोध चुनाव हो गया है। उन उम्मीदवारों में सुरेश प्रभु, पीयुष गोयल, राम जेठमलानी, मीसा भारती, शरद यादव जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं।

यूपी में 11 सीटों के लिए मतदान, क्रॉस वोटिंग से बिगड़ सकता है खेल
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों के लिये आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। विधान भवन के तिलक हॉल में मतदान चल रहा है। नतीजे रात तक घोषित कर दिये जायेंगे।

सपा की ओर से अमर सिंह, बेनी प्रसाद वर्मा, कुवंर रेवती रमण सिंह, विशम्भर प्रसाद निषाद, सुखराम सिंह यादव, संजय सेठ और सुरेन्द्र नागर राज्य सभा प्रत्याशी हैं। बसपा प्रत्याशी के रूप में सतीश चन्द्र मिश्रा और अशोक सिद्धार्थ अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस के कपिल सिब्बल और भाजपा के शिवप्रताप शुक्ल चुनाव मैदान में हैं जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर प्रीति महापात्रा चुनाव लड़ रही हैं।

चुनाव में बसपा के 12 शेष वोट काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे। राज्यसभा इन सीटों के लिए भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति महापात्रा के मैदान में उतरने से मतदान अपरिहार्य हो गया। बसपा के शेष 12 मतों को कांग्रेस के कपिल सिब्बल और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति महापात्रा अपने पक्ष में करने की जी तोड़ कोशिश कर रही हैं। क्रॉस वोटिंग दिग्गजों का खेल बिगाड़ सकती है।

झारखंड से नकवी मैदान में

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक 90 फीसदी विधायकों ने वोट डाल दिए थे। कुल 91 मतदाताओं में से अभी चार वोट पड़ने बाकी हैं। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार को मैदान में उतारा है। वहीं झामुमो से बसंत सोरेन उम्मीदवार हैं। बसंत झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन के छोटे बेटे हैं।

राजस्थान में चार सीटों पर भाजपा की जीत की उम्मीद
राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए विधानसभा भवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें चार भाजपा से केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, ओम प्रकाश माथुर, हर्षवर्धन सिंह और राम कुमार वर्मा तथा निर्दलीय उम्मीदवार कमल मोरारका शामिल हैं।

चुनाव समीकरण के अनुसार, उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम चालीस मत चाहिए। ऐसे में भाजपा के 108 विधायक होने, चार निर्दलीय विधायक शुरू से ही भाजपा के समर्थन में होने और जमीदारा पार्टी की दो महिला विधायकों के भाजपा के पक्ष में आने को देखते हुए भाजपा को चारों सीट मिलना तय माना जा रहा है।

एमपी में तीन सीटों के लिए मतदान
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए आज सुबह नौ बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान प्रारंभ हो गया। विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक दो में बनाए गए मतदान केंद्र में 228 विधायक मतदान करेंगे। दो सौ तीस सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के दो विधायक मतदान नहीं कर सकेंगे। पार्टी विधायक राजेंद्र दादू के निधन और देवसर से विधायक राजेंद्र मेश्राम का चुनाव अदालत द्वारा शून्य घोषित किए जाने के कारण यह दोनों वोट नहीं कर सकेंगे।

चुनाव के लिए भाजपा ने अनिल दवे और एम जे अकबर को तथा कांग्रेस ने विवेक तन्खा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश महासचिव विनोद गोटिया के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में होने से चुनाव की नौबत आ गयी है। गोटिया को भाजपा विधायकों का समर्थन हासिल है।

विधानसभा में सदस्यों की संख्या के मान से दो सीटों पर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। तीसरी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा का निर्वाचन भी आसान माना जा रहा था लेकिन भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी विनोद गोटिया की मौजूदगी से चुनाव रोचक हो गया है।

हरियाणा में बीरेंद्र सिंह की जीत तय मानी जा रही है
हरियाणा में दो सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के उम्मीदवार बीरेंद्र सिंह की जीत तय मानी जा रही है। दूसरी सीट के लिए निर्दलीय उम्मीदवार आरके आनंद और भाजपा के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा के बीच मुकाबला है। आनंद को कांग्रेस और इनेलो का समर्थन है, ऐसे में चंद्रा के लिए मुकाबला कड़ा हो गया है।

कर्नाटक से निर्मला सीतामरन और जयराम रमेश के भी जीतने की उम्मीद
कर्नाटक में चार सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें भाजपा की निर्मला सीतामरन, कांग्रेस के जयराम रमेश और ऑस्कर फर्नांडीस की जीत लगभग तय मानी जा रही है। कांग्रेस के पास 122 वोट हैं और अपने दो उम्मीदवारों को जिताने के बाद भी उसके पास 33 अतिरिक्त वोट बचेंगे।

उसने पूर्व आईपीएस अधिकारी केसी रामामूर्ति को अपने तीसरे उम्मीदवार के तौर पर उतारा है, जिनको जीत के लिए 12 अतिरिक्त मतों की जरूरत पड़ेगी। बगावत का सामना कर रही जेडीएस के लिए स्थिति सुखद नहीं है क्योंकि ऐसी खबरें हैं कि उसके कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस की फायदा पहुंचा सकते हैं। अपने उम्मीदवार बी एम फारूक को जिताने के लिए जेडीएस को पांच विधायकों की जरूरत है, लेकिन उसके लिए यह काम मुश्किल दिखाई पड़ रहा है।

उत्तराखंड से प्रदीप टम्टा के जीतने की उम्मीद
उत्तराखंड में एक सीट के लिए चुनाव हो रहा है, जहां कांग्रेस के प्रदीप टम्टा की जीतने की प्रबल संभावना है। उन्हें जीत के लिए दो अतिरिक्त वोटों की जरूरत है।