दुनिया

रूस-यूक्रेन युद्ध में अगर ऐसा हुआ तो हो जाएगी मानव त्रास्दी, यूक्रेन रूस पर इसकी ज़िम्मेदारी थोपना चाहता है : रिपोर्ट

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध लगातार एक ख़तरनाक रूप लेता जा रहा है। इस बीच रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन अपनी ज़मीन पर एक रेडियोएक्टिब बम दाग़ने की तैयारी कर रहा है। ऐसा करके वह रूस पर इसकी ज़िम्मेदारी थोपना चाहता है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने रविवार को यूक्रेन युद्ध में तेज़ी से बिगड़ती स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि यूक्रेन एक ‘डर्टी बम’ के ज़रिए संघर्ष बढ़ा सकता है। डर्टी बम एक परमाणु बम जैसा होता है, क्योंकि इसके फटने से भी रेडियोएक्टिव कचरा निकलता है। इसका विस्फोट परमाणु बम कि तरह विनाशकारी नहीं होता, लेकिन इससे बड़े पैमाने पर रेडिएशन फैलता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रूस के रक्षा मंत्री ने यह भी दावा किया है कि यूक्रेन इस बम का इस्तेमाल करके रूस पर आरोप लगाना चाहता है। ताकि पूरी दुनिया रूस के ख़िलाफ़ हो जाए। उन्होंने आगे कहा गया कि अगर ऐसी कोई भी घटना होती है और रूस पर परमाणु बम दाग़ने का आरोप लगता है तो अधिकांश देश रूस के ख़िलाफ़ हो जाएंगे।

इस बीच रूस के रक्षा मंत्री के दावों पर यूक्रेन ने जवाब दिया है। यूक्रेन के के राष्ट्रपति व्लोदेमीर ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘अगर कोई यूरोप के इस हिस्से में परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता है तो वह सिर्फ एक देश है।’ उनका इशारा रूस की ओर था। वहीं यूक्रेनी विदेश मंत्री ने कहा कि रूस जितना ख़तरनाक है डर्टी बम को लेकर उसका झूठ उतना ही बेतुका है। उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले यूक्रेन एनपीटी का समर्थक है और वह परमाणु बम नहीं बनाना चाहता। दूसरा, रूस हमेशा दूसरों पर उन चीज़ों का आरोप लगाता है, जिसकी प्लानिंग वे कर रहे होते हैं।’